Breaking News

फतेहपुर में निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा, धीमी प्रगति पर डीएम ने जताई नाराजगी

फतेहपुर। कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में शुक्रवार को 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में हुई। बैठक में डीएम ने निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को परियोजनाओं को चरणबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

डीएम ने 50 लाख रुपये से अधिक और एक करोड़ रुपये से कम लागत वाली परियोजनाओं के साथ सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज निर्माणाधीन एवं विलंबित परियोजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का निर्माण निर्धारित अवधि में पूरा नहीं हो पा रहा है, संबंधित कार्यदायी संस्था अपने मुख्यालय से समन्वय कर निर्माण अवधि को रिवाइज कराए, ताकि पोर्टल पर परियोजनाओं की स्थिति सही तरीके से अपडेट हो सके।

धीमी प्रगति पर सिडको से नाराजगी

प्रोजेक्ट अलंकार, बुढ़वा ग्रामीण स्टेडियम और राजकीय इंटर कॉलेज में प्रस्तावित इंडोर स्टेडियम के निर्माण की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था सिडको के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सिडको का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही शासन स्तर पर कार्रवाई के लिए पत्राचार करने को भी कहा।

बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग के मुख्यमंत्री अभ्युदय विद्यालय, कंप्यूटर लैब और शौचालय ब्लॉक के निर्माण में यूपीसीएलडीएफ की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग कॉलेज और छात्रावास सहित अन्य कार्यों में सीएनडीएस-55 की प्रगति की जानकारी ली गई।

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, जिला कारागार में टाइप-2 आवास और आईटीआई की आधुनिक कार्यशाला में पैक्सफेड तथा आईटीआई भवन निर्माण में यूपीपीसीएल की धीमी प्रगति पर भी डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश

जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन विभागों की परियोजनाओं में निर्माण कार्य चल रहे हैं, उनके अधिकारी नियमित रूप से मौके पर जाकर निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान मिलने वाली कमियों से संबंधित कार्यदायी संस्था को लिखित रूप से अवगत कराते हुए समयबद्ध तरीके से सुधार कराया जाए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा दोनों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अधिशासी अभियंता सिंचाई, अधिशासी अभियंता जल निगम शहरी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के पदाधिकारी मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

खेती-किसानी से बेटे की पढ़ाई तक संघर्ष, फतेहपुर के दिनेश कुमार ने हासिल की सरकारी नौकरी

फतेहपुर। बिंदकी तहसील के ग्राम कैवई निवासी दिनेश कुमार ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *