Breaking News

आंधी-तूफान ने उजाड़ा प्रदर्शनी मेला, करीब डेढ़ लाख का नुकसान

– आंधी-तूफान में उजड़े प्रदर्शनी मेले का दृश्य।
खखरेरू, फतेहपुर। नगर पंचायत खखरेरू में आयोजित पंडित दीनदयाल एकता विकास प्रदर्शनी मेला के दौरान आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने कहर बरपा दिया। तेज हवाओं के चलते मेले का मुख्य प्रवेश द्वार, कई दुकानें, विद्युत सजावट और अन्य व्यवस्थाएं बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे पूरे मेले का स्वरूप ही बिगड़ गया। गौरतलब है कि 27 मई को शुरू हुए इस मेले का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञानचंद केसरवानी ने किया था। उद्घाटन के महज दो दिन बाद ही खराब मौसम ने मेले की रौनक पर पानी फेर दिया। रातभर चली तेज आंधी और बारिश के कारण कई अस्थायी ढांचे धराशायी हो गए, जबकि रंग-बिरंगी लाइटें और सजावटी सामग्री भी नष्ट हो गई। मेला संचालक सागर पुरवाल ने बताया कि प्राकृतिक आपदा के चलते मेले को डेढ़ लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि दूर-दराज से आए दुकानदार एक माह तक व्यापार कर अच्छी कमाई की उम्मीद लेकर पहुंचे थे, लेकिन अचानक आए तूफान ने उनकी उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है। सुबह मेले का नजारा बदला हुआ दिखाई दिया। जहां एक ओर टूटी दुकानें और बिखरा सामान नजर आया, वहीं दूसरी ओर नुकसान से परेशान दुकानदार अपने स्टॉलों को दोबारा व्यवस्थित करने में जुटे रहे। दुकानदारों का कहना है कि मौसम की मार ने उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है। स्थानीय लोगों ने भी मेले को हुए नुकसान पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से सहायता एवं आवश्यक सहयोग की मांग की है, ताकि मेले की व्यवस्थाएं जल्द बहाल हो सकें और व्यापारियों को राहत मिल सके।

About NW-Editor

Check Also

व्यापारियों का फूटा गुस्सा, नो-एंट्री व चालान नीति से कारोबार बेहाल

– उत्तम उद्योग व्यापार मंडल ने यातायात सीओ को सौंपा ज्ञापन – एसपी को ज्ञापन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *