पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों के साथ की बैठक

महोबा पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह द्वारा पुलिस लाइन स्थित सभाकक्ष में जनपद के सम्मानित व्यापारी संगठनों के अध्यक्षों एवं सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का उद्देश्य जनपद की आर्थिक मजबूती के आधार स्तंभ व्यापारियों के साथ संवाद स्थापित कर सुरक्षा, सहयोग एवं समन्वय को और सुदृढ़ बनाना रहा। गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी व्यापारी पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए उनसे पुलिस से अपेक्षित सहयोग, कानून-व्यवस्था में सुधार तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्यवाही जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। व्यापारी बंधुओं द्वारा पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए गए। प्रमुख रूप से अतिक्रमण की समस्या, गुगौरा चौकी के पास सड़क निर्माण के चलते उत्पन्न जाम, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता तथा भीड़-भाड़ वाले एवं जाम प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था जैसे मुद्दों/सुझाव पर परस्पर संवाद स्थापित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान हेतु हर संभव प्रयास किए जाएंगे, ताकि जनपद में सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित व्यापारिक वातावरण सुनिश्चित हो सके। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से चरित्र सत्यापन कराएं तथा सुरक्षा की दृष्टि से अपने प्रतिष्ठानों एवं बाजारों के एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स पर सीसीटीवी कैमरे अवश्य स्थापित करें। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे अपराध नियंत्रण में अत्यंत प्रभावी हैं, जिससे अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी में सहायता मिलती है और अपराध की घटनाओं पर अंकुश लगता है। गोष्ठी के अंत में व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों द्वारा पुलिस अधीक्षक का पुष्प भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अपराध गौरव उपाध्याय सहित जनपद के विभिन्न व्यापारी संगठन के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

About NW-Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *