कानपुर के बर्रा विश्व बैंक क्षेत्र में सोमवार को एक पेंट कारोबारी का शव उनके घर के बेडरूम में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कई दिनों से कमरे से दुर्गंध आने पर पहली मंजिल में किराए पर रहने वाली युवती ने कमरे में झांककर देखा तो कारोबारी मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान अनुराग बघेल के रूप में हुई है, जो बर्रा विश्व बैंक ए-1 ब्लॉक में रहते थे और पेंट का कारोबार करते थे। उनकी पत्नी प्रियंका पिछले छह महीनों से दोनों बच्चों के साथ दिल्ली में रहकर उनकी पढ़ाई करवा रही थीं, जबकि अनुराग घर में अकेले रह रहे थे।
परिजनों के अनुसार, अनुराग को 30 जुलाई की शाम आखिरी बार घर के बाहर टहलते हुए देखा गया था। इसके बाद सोमवार दोपहर किराएदार युवती को कमरे से तेज दुर्गंध आने पर शक हुआ। जब उसने कमरे का दरवाजा देखा तो वह खुला मिला और अंदर बिस्तर पर अनुराग का शव पड़ा था। इसके बाद उसने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची बर्रा थाना पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
News Wani
