राज्य ब्यूरो , चंडीगढ़। पंजाब में जीएसटी कानूनों की सख्त पालना सुनिश्चित करने के लिए भगवंत मान सरकार ने लोहा और स्टील सेक्टर में बड़ी कार्रवाई की है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि कर विभाग की विशेष मुहिम के तहत 200 से अधिक वाहनों को जब्त कर करीब 5 करोड़ रुपये का माल बरामद किया गया है।

इस कार्रवाई से टैक्स चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया है। मंत्री ने बताया कि स्टेट इन्वेस्टिगेशन एंड प्रिवेंटिव यूनिट (एसआईपीयू) की अगुवाई में यह अभियान मंडी गोबिंदगढ़, खन्ना और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में चलाया गया। जांच के दौरान 1600 मीट्रिक टन से अधिक लोहे के स्क्रैप और तैयार स्टील की खेप पकड़ी गई, जिनमें कई मामलों में फर्जी बिलिंग और बिना वैध ई-वे बिल के माल की ढुलाई की जा रही थी।

जाली दस्तावेजों से करोड़ों का नुकसान

चीमा ने कहा कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कुछ व्यापारी जाली दस्तावेजों के जरिए सरकार को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचा रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जीएसटी कानून के तहत आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है और इस मामले में 3 करोड़ रुपये से अधिक के जुर्माने की संभावना है।
वित्त मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बकाया टैक्स और जुर्माने की वसूली में तेजी लाई जाए और पूरे मामले की गहन जांच की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य न केवल राजस्व की रक्षा करना है, बल्कि ईमानदार करदाताओं के हितों को भी सुरक्षित रखना है।

टैक्स चोरी बरदाश्त नहीं

चीमा ने दो टूक कहा कि टैक्स चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों को चेतावनी देते हुए अपील की कि वे स्वेच्छा से कानून का पालन करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्यभर में ऐसी प्रवर्तन मुहिम लगातार जारी रहेगी, ताकि पारदर्शी और निष्पक्ष कर व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।