Breaking News

बहराइच में मोटराइज्ड ट्राई-साइकिल के लिए परीक्षण शिविर शुरू, मिहीपुरवा में 57 दिव्यांगजनों का हुआ पंजीकरण

बहराइच 03 अगस्त। दिव्यांगजनों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के सहयोग से जनपद में मोटराइज्ड ट्राई-साइकिल वितरण के लिए परीक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड परिसर मिहीपुरवा में आयोजित परीक्षण शिविर में 57 दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया। शिविर में पात्र दिव्यांगजनों के दस्तावेजों का सत्यापन, दिव्यांगता का परीक्षण तथा मोटराइज्ड ट्राई-साइकिल प्रदान किए जाने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि जनपद में 03 अगस्त से 08 अगस्त 2026 तक चिन्हित विकासखंड परिसरों में विशेष परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले पात्र दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उन्हें मोटराइज्ड ट्राई-साइकिल उपलब्ध कराना है। इससे दिव्यांगजन अपने दैनिक कार्यों, शिक्षा, रोजगार एवं अन्य आवश्यक गतिविधियों के लिए अधिक सहजता से आवागमन कर सकेंगे तथा समाज की मुख्यधारा से जुड़ने में उन्हें सहायता मिलेगी।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक विकासखंड में निर्धारित तिथियों पर परीक्षण शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होनें जानकारी दी कि 04 अगस्त 2026 को विकासखंड परिसर बलहा में परीक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। पात्र दिव्यांगजनों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने आवश्यक अभिलेखों के साथ शिविर में उपस्थित होकर पंजीकरण एवं परीक्षण कराएं, ताकि शासन की इस जनकल्याणकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उन्हें प्राप्त हो सके।

About NW-Editor

Check Also

बहराइच में ‘राष्ट्र के लिये मध्यस्थता अभियान-3.0’ शुरू, लंबित मामलों के सौहार्दपूर्ण निस्तारण पर जोर

बहराइच। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बहराइच विनोद कुमार यादव ने बताया कि 01 अगस्त, 2026 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *