Breaking News

मंगेतर का रात में आया कॉल, अगले महीने शादी से पहले युवक ने उठाया बड़ा कदम

बिहार के वैशाली जिले के भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत प्रतापटांड पश्चिमी गांव में उस समय सन्नाटा पसर गया, जब ग्रामीणों को पता चला कि गांव के होनहार युवक बिट्टू कुमार ने खुदकुशी कर ली है. यह घटना इसलिए भी ज्यादा चौंकाने वाली है क्योंकि बिट्टू की शादी अगले महीने होने वाली थी और घर में उत्सव की तैयारियां चल रही थीं. घटना की सुबह जब बिट्टू के कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला, तो परिजनों को चिंता हुई. खिड़की से झांकने पर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. बिट्टू का शव कमरे में लगे पंखे के फंदे से लटका हुआ था.

वो अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और पेशे से लोहे की वेल्डिंग का काम कर अपनी छोटी बहन और परिवार का सहारा बन रहा था. पुलिस जांच में एक महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है कि आत्महत्या करने से ठीक पहले बिट्टू अपनी होने वाली पत्नी (मंगेतर) से फोन पर घंटों बात कर रहा था. 7 मई को दोनों की शादी तय थी. फलदान और तिलक जैसी रस्में भी पूरी हो चुकी थीं. दोनों के बीच अक्सर बातचीत होती थी, लेकिन उस रात फोन कॉल के दौरान ऐसा क्या हुआ कि बिट्टू ने मौत को गले लगा लिया, यह अभी भी एक अनसुलझी पहेली है.

मृतक के घर में शादी के कार्ड बांटे जा रहे थे, रिश्तेदारों का आना-जाना शुरू होने वाला था, लेकिन अब वहां पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार हो रहा है. इकलौते बेटे की मौत से मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव वाले भी इस बात से हैरान हैं कि जो युवक अपनी नई जिंदगी की शुरुआत करने वाला था, वह अचानक ऐसा कदम कैसे उठा सकता है.

क्या कहती है पुलिस?

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है. भगवानपुर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सत्यार्थी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग या शादी से जुड़ी किसी अनबन के कारण आत्महत्या का प्रतीत होता है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस बिट्टू के मोबाइल की कॉल डिटेल्स (CDR) खंगाल रही है ताकि मंगेतर के साथ हुई आखिरी बातचीत का सुराग मिल सके. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक समय और तकनीकी कारणों का पता चलेगा. हालांकि, अभी परिजनों ने कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन पुलिस घर के सदस्यों से पूछताछ कर रही है.

About NW-Editor

Check Also

बिहार के नालंदा शीतला माता मंदिर में भगदड़, 9 श्रद्धालुओंं की मौत; राष्ट्रपति सुरक्षा में 2500 जवान, श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर उठे सवाल

बिहार में नालंदा जिले में मंगलवार सुबह शीतला माता मंदिर में भगदड़ मच गई। हादसे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *