वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह उस समय बड़ा हादसा हो गया जब हथियार की जांच और जमा करने की प्रक्रिया के दौरान अचानक गोली चल गई। इस घटना से एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए। हादसे में एयरपोर्ट के दो कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ निवासी एक यात्री अपनी पत्नी के साथ मुंबई जाने वाली फ्लाइट पकड़ने एयरपोर्ट पहुंचा था। उसके पास लाइसेंसी पिस्टल थी, जिसे विमान में ले जाने की अनुमति नहीं होती है। नियमों के अनुसार सुरक्षा जांच के दौरान उसे हथियार जमा कराने के लिए कहा गया। इसी प्रक्रिया के तहत जब सुरक्षा कर्मी पिस्टल की मैगजीन निकाल रहे थे, तभी अचानक हथियार से फायर हो गया।
अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर मौजूद कर्मचारी और यात्री घबरा गए। गोली लगने से दो एयरपोर्ट कर्मचारी घायल हो गए, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा टीम और मेडिकल स्टाफ मौके पर पहुंचा। पूरे टर्मिनल क्षेत्र को कुछ समय के लिए खाली कराया गया और सुरक्षा जांच को और सख्त कर दिया गया।
घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इसे दुर्घटनावश हुई फायरिंग माना जा रहा है, हालांकि यह भी जांच का विषय है कि हथियार से मैगजीन निकालते समय सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया गया था या नहीं। मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
News Wani
