लखनऊ में लगातार दूसरे दिन हो रही तेज बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। जानकीपुरम, शारदा नगर, गोमती नगर, सरोजनीनगर और हजरतगंज समेत कई क्षेत्रों में सड़कें पानी से लबालब हो गईं। कई जगह घरों और गलियों में भी पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के कारण हजरतगंज-हुसैनगंज मार्ग, मॉल एवेन्यू और हुसड़िया चौराहे समेत कई प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति रही। वहीं अलग-अलग पावर हाउस और फीडरों में फॉल्ट आने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
इसी बीच नगर निगम और आपदा प्रबंधन टीमों ने कई जगहों पर जल निकासी के लिए पंपिंग सेट लगाए हैं, लेकिन लगातार बारिश के चलते पानी की निकासी धीमी बनी हुई है। कुछ निचले इलाकों में घरों में पानी घुसने की शिकायतें भी सामने आई हैं, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिए हैं। ट्रैफिक पुलिस को भी प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त तैनाती करनी पड़ी है ताकि जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
मौसम विभाग ने सोमवार को लखनऊ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 19 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने का अनुमान है।
News Wani
