गोंडा जिले में यूरिया खाद की किल्लत के बीच किसानों, खासकर महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं और किसान साधन सहकारी समिति के बाहर घंटों तक कतार में खड़े रहे। कई महिलाओं ने बारिश से बचने के लिए सिर पर पॉलिथीन और बोरी रखी, लेकिन खाद मिलने की उम्मीद में अपनी जगह नहीं छोड़ी। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों ने हालात की गंभीरता को उजागर कर दिया है।
धान, मक्का और अन्य खरीफ फसलों के लिए इस समय यूरिया की आवश्यकता सबसे अधिक है। ऐसे में खाद की सीमित उपलब्धता के कारण वितरण केंद्रों पर सुबह से ही लंबी लाइनें लग गईं। किसानों का कहना है कि समय पर खाद नहीं मिलने से खेती का काम प्रभावित हो रहा है और उन्हें घंटों इंतजार करने के बावजूद कई बार खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, ताकि किसानों और महिलाओं को बारिश और कठिन परिस्थितियों में घंटों इंतजार न करना पड़े। प्रशासन की ओर से वितरण व्यवस्था पर निगरानी रखने की बात कही जा रही है।
News Wani
