Breaking News

रायबरेली में सीएम योगी का राहुल गांधी पर हमला, बोले- युवाओं का भविष्य क्यों बर्बाद करना चाहते हैं?

रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को रायबरेली पहुंचे, जहां उन्होंने जिले को करीब 879 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राना बेनी माधव बख्श सिंह के नाम पर बने ऑडिटोरियम का लोकार्पण किया और जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।

सीएम योगी ने कहा कि अपने पूर्वजों और देश की विरासत को भूलने वाला समाज कभी आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग भारत की परंपरा और विरासत को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। राहुल गांधी का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति के रूप में देश को उनसे कोई अपेक्षा नहीं है, लेकिन नेता प्रतिपक्ष होने के नाते वह संसद और लोकतंत्र के प्रति जवाबदेह हैं।

राहुल गांधी पर तीखा हमला

मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी संविधान की शपथ लेने के बावजूद भारत की परंपरा और विरासत पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के बाहर जाकर प्रदेश को और देश के बाहर जाकर भारत को बदनाम करते हैं। सीएम ने सवाल किया कि आखिर देश को अर्बन नक्सलियों के हाथों क्यों सौंपना चाहते हैं और युवाओं का भविष्य क्यों बर्बाद करना चाहते हैं?

योगी आदित्यनाथ ने 1975 के आपातकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश आपातकाल की काली छाया देख चुका है। उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी के मामले का भी उल्लेख किया और कहा कि बाद में संबंधित परिवार ने गलती स्वीकार की थी।

कांग्रेस पर देश को लूटने का आरोप

सीएम योगी ने कहा कि अमेठी और रायबरेली लंबे समय तक एक परिवार के राजनीतिक प्रभाव में रहे, लेकिन इन जिलों के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया गया। उन्होंने काकोरी की घटना का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला और कहा कि कांग्रेस ने काकोरी की क्रांतिकारी घटना को गलत तरीके से पेश किया, जबकि उनके अनुसार देश को लूटने का काम कांग्रेस ने किया।

उन्होंने भारत विभाजन को लेकर भी कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। साथ ही वीर सावरकर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे महापुरुषों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने देश के महापुरुषों और विरासत को सम्मान देने का काम किया है।

रायबरेली को 879 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने रायबरेली में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें करीब 300 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं भी शामिल हैं। इससे पहले उन्होंने राना बेनी माधव बख्श सिंह के नाम पर करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से बने ऑडिटोरियम का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उनके नाम पर डाक टिकट जारी करने के साथ स्मारिका का विमोचन भी किया गया।

सीएम योगी ने स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले वीरों को याद करते हुए राना बेनी माधव बख्श सिंह के करीबी सेनापति वीर पासी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले सभी वीरों का सम्मान करना समाज और सरकार की जिम्मेदारी है।

About NW-Editor

Check Also

रायबरेली गदागंज थाने की कमान संभालने पर थाना प्रभारी से मिले न्यूज़ वाणी के प्रधान संपादक

राष्ट्रीय न्यूज़ वाणी हिंदी दैनिक समाचार पत्र के प्रधान संपादक नफीस जाफरी ने थाना प्रभारी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *