लखनऊ। पारा क्षेत्र की अवैध डेयरियों से जब्त किए गए पशुओं की नीलामी से पहले सोमवार को नगर निगम मुख्यालय में हंगामा हो गया। नीलामी में शामिल होने सीतापुर से पहुंचे युवक रवि पांडेय ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की और नीलामी से संबंधित दस्तावेज भी छीन लिए। घटना के बाद नगर निगम मुख्यालय में मौजूद पुलिस और अधिकारियों के बीच मामला चर्चा का विषय बन गया।
रवि पांडेय का आरोप है कि पारा क्षेत्र से आए कुछ लोगों ने उसे घेरकर पीटा। उसने मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना के समय नगर निगम मुख्यालय में ईटीएफ बल भी तैनात था। युवक के साथ मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
243 पशुओं की होनी है नीलामी
नगर निगम की ओर से पारा क्षेत्र में अवैध डेयरियों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान जब्त किए गए 242 भैंस और एक भैंसे समेत कुल 243 पशुओं की नीलामी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, पशुओं को शहर के अलग-अलग कांजी हाउस और गौशालाओं में रखा गया है।
नीलामी में शामिल होने वाले बोलीदाताओं को 1,02,100 रुपये की धरोहर राशि जमा करनी होगी। एक भैंस की न्यूनतम बोली 20,500 रुपये निर्धारित की गई है। 24 अगस्त को दोपहर दो बजे नीलामी के लिए लगाई गई बोलियां खोली जाएंगी।
जब्त पशुओं के मालिक नहीं ले सकेंगे हिस्सा
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि जिन पशुपालकों के पशु जब्त किए गए हैं, वे खुद या किसी दूसरे व्यक्ति के माध्यम से नीलामी में शामिल नहीं हो सकेंगे। नीलामी में सबसे अधिक बोली लगाने वाले व्यक्ति को पशु दिए जाएंगे। अन्य बोलीदाताओं की धरोहर राशि नीलामी पूरी होने के बाद वापस कर दी जाएगी।
नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के मुताबिक, कार्रवाई का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अवैध डेयरी संचालक जब्त किए गए पशुओं को दोबारा खरीदकर शहर में अवैध डेयरी का संचालन न कर सकें।
पहले भी हो चुका है विवाद
पारा क्षेत्र में अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान नगर निगम कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया था। इसके बाद नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान तेज किया था।
नीलामी को लेकर कुछ पार्षदों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि नीलामी में बाहरी लोगों के शामिल होने से स्थानीय पशुपालकों और कारोबारियों के बीच असंतोष पैदा हुआ है। वहीं नगर निगम ने नीलामी के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार प्रक्रिया पूरी करने की बात कही है।
News Wani
