Breaking News

करवा चौथ की खुशियां मातम में बदलीं, तेज रफ्तार डंपर ने ली मजदूर की जान, दो गंभीर घायल

फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र के मुसाफा चौकी अंतर्गत सुकूरा-मुसाफा मार्ग पर गुरुवार की रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुसाफा और मोहद्दीपुर गांव के बीच करीब पांच सौ मीटर पहले तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने बाइक सवार तीन मजदूरों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में डंपर एक मजदूर को कुचलते हुए करीब दो सौ मीटर तक घसीटता ले गया और मौके से फरार हो गया। इस दर्दनाक हादसे में मजदूर की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक की पहचान मोहद्दीपुर (पड़री) निवासी 37 वर्षीय अशोक उर्फ बेटन पुत्र चंद्रपाल पाल के रूप में हुई है। अशोक पेशे से मजदूर था। गुरुवार शाम वह मुसाफा से अपने साथियों के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहा था। करवा चौथ का त्योहार होने के कारण घर पर उसकी पत्नी सज-धजकर पति के लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रही थी, लेकिन तभी हादसे की दुखद खबर पहुंच गई और परिवार में चीख-पुकार मच गई।

मृतक के परिवार में पत्नी विनीता के अलावा तीन बच्चे हैं। इनमें 15 वर्षीय बेटी शारदा, 14 वर्षीय अनुराधा और 13 वर्षीय बेटा शामिल हैं। हादसे में घायल अन्य दोनों लोगों की पहचान 34 वर्षीय सुभाष पासवान पुत्र भिखारीलाल और 24 वर्षीय शिवराज पुत्र धनीराम कुशवाहा के रूप में हुई है। दोनों मृतक अशोक के ही गांव के रहने वाले हैं। घायल सुभाष विवाहित है और उसकी पत्नी अनीता भी करवा चौथ पर पति के घर लौटने का इंतजार कर रही थी, जबकि शिवराज अभी अविवाहित है।

घायल युवकों ने बताया कि तीनों एक ही बाइक से गांव जा रहे थे, तभी अज्ञात डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अशोक डंपर के नीचे आ गया और वाहन उसे काफी दूर तक घसीटता ले गया। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया।

इस अमानवीय घटना और डंपर चालक के फरार होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही बकेवर थाना और मुसाफा चौकी की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई।

करवा चौथ के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। पति की लंबी उम्र की कामना करते हुए व्रत रखने वाली पत्नी को पति की मौत की खबर मिली तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद पूरे मोहद्दीपुर गांव में मातम पसरा हुआ है।

About NW-Editor

Check Also

बंधवा-ललौली मार्ग पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, दोस्त अस्पताल में भर्ती

फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के बंधवा-ललौली मार्ग पर अंग्रेजी शराब ठेके के पास गुरुवार देर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *