कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र के शारदा नगर स्थित एक हॉस्टल में रविवार शाम 22 वर्षीय यूनिवर्सिटी छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र की पहचान जम्मू निवासी आदित्य शर्मा के रूप में हुई है। वह कानपुर यूनिवर्सिटी में रेडियोलॉजी की द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद हॉस्टल में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार आदित्य एक छात्रा के साथ हॉस्टल में आमने-सामने के कमरों में रहता था। दोनों शनिवार को नीम करौली बाबा के दर्शन के लिए गए थे। रविवार शाम करीब पांच बजे दोनों हॉस्टल लौटे। लौटने के बाद आदित्य अपने कमरे में चला गया, जबकि छात्रा अपने कमरे में चली गई।
कुछ समय बाद छात्रा आदित्य को खाना देने उसके कमरे पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था। उसने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका होने पर उसने आसपास के लोगों को बुलाया। पड़ोसियों की मदद से कमरे का दरवाजा खोला गया तो आदित्य अंदर बेहोशी की हालत में मिला।
हॉस्टल के लोगों ने तत्काल उसे इलाज के लिए हैलट अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन महीने पहले हॉस्टल में आया था आदित्य
हॉस्टल के केयरटेकर सुनील कुमार के अनुसार आदित्य करीब तीन महीने पहले शारदा नगर स्थित हॉस्टल में रहने आया था। उसके साथ रहने वाली छात्रा ने भी इसी दौरान हॉस्टल में कमरा लिया था। बताया गया कि दोनों ने हॉस्टल में कमरा लेते समय खुद को भाई-बहन बताया था और उनके कमरे आमने-सामने थे।
आदित्य के पिता विजय कुमार शर्मा डिफेंस में तैनात हैं। वह परिवार का इकलौता बेटा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया।
पुलिस ने हॉस्टल में जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद रावतपुर थाना पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने कमरे की जांच करने के साथ वहां मौजूद परिस्थितियों और संभावित साक्ष्यों को जुटाया।
पुलिस ने हॉस्टल के केयरटेकर और अन्य छात्रों से भी पूछताछ की है। छात्र का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट करने में जुटी है।
मौत की वजह अभी साफ नहीं
एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह के मुताबिक आदित्य जम्मू का रहने वाला था और कानपुर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। रविवार शाम दर्शन से लौटने के बाद वह अपने कमरे में गया था। कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई। छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल मौके से किसी सुसाइड नोट की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
News Wani
