Breaking News

लखनऊ में पुलिस कस्टडी से फरार चोरी का आरोपी दोबारा गिरफ्तार, चार टीमों ने घेरकर पकड़ा

लखनऊ। ठाकुरगंज थाने से पुलिस कस्टडी से फरार हुआ चोरी का आरोपी मोहम्मद शानू उर्फ समद आखिरकार 24 घंटे के भीतर पुलिस के हाथ लग गया। पुलिस की चार टीमों ने सोमवार देर रात चौपटिया रोड पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर चोरी के मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

शानू को 9 अगस्त की रात चोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त की सुबह उसने शौच जाने का बहाना बनाया और ड्यूटी पर तैनात सिपाही को चकमा देकर थाने से फरार हो गया। आरोपी के भागने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और उसकी तलाश के लिए चार टीमें गठित की गईं।

घर में घुसकर चोरी का आरोप

पन्नी वाली गली, निवाजगंज चौराहा निवासी सुशीला साहू ने 8 अगस्त को ठाकुरगंज थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 7 अगस्त की रात करीब 2:30 बजे चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ और अलमारी से नकदी के साथ ओप्पो मोबाइल फोन चोरी कर ले गया।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर तहसीनगंज निवासी शानू उर्फ मोहम्मद समद को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, उसे 9 अगस्त की रात करीब 11:40 बजे गुलालाघाट इलाके से पकड़ा गया था।

शौचालय ले जाते समय सिपाही को दिया चकमा

10 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे आरोपी ने शौच जाने की बात कही। संतरी ड्यूटी पर तैनात रिक्रूट सिपाही अजीत कुमार उसे थाने के शौचालय तक लेकर गया। इसी दौरान आरोपी सिपाही को चकमा देकर फरार हो गया।

आरोपी के भागने के मामले में पुलिस ने शानू और सिपाही अजीत कुमार के खिलाफ अलग मुकदमा दर्ज किया है। सिपाही पर ड्यूटी में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है।

चौपटिया रोड पर घेराबंदी कर पकड़ा

आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस की चार टीमें लगातार संभावित ठिकानों और रास्तों पर उसकी तलाश कर रही थीं। सोमवार देर रात करीब 1 बजे पुलिस टीम ने चौपटिया रोड पर घेराबंदी की। इसी दौरान शानू पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही चोरी के मामले में बरामदगी और अन्य तथ्यों को लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

About NW-Editor

Check Also

विधानसभा घेराव के दौरान सड़क पर उतरे एबीवीपी कार्यकर्ता, पुलिस से हुई नोकझोंक

  लखनऊ। छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *