लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन सर्वर की समस्या बनी रही। ऑनलाइन व्यवस्था ठप होने से OPD में मरीजों का रजिस्ट्रेशन, जांच शुल्क जमा करने और रिपोर्ट लेने की प्रक्रिया प्रभावित हुई। इससे इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और उनके तीमारदारों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह OPD शुरू होते ही नए और पुराने दोनों ब्लॉक में ऑनलाइन सिस्टम प्रभावित हो गया। मरीज पर्चा बनवाने और जांच के लिए शुल्क जमा करने के लिए काउंटरों पर लंबी कतारों में खड़े रहे। काफी देर तक रजिस्ट्रेशन नहीं होने के कारण लोगों को इंतजार करना पड़ा।
लगातार लाइन में खड़े रहने से कई मरीज और तीमारदार थक गए। कुछ लोग काउंटर के सामने जमीन पर बैठकर सर्वर ठीक होने का इंतजार करते नजर आए। जांच रिपोर्ट लेने पहुंचे लोगों को भी सिस्टम बहाल होने तक इंतजार करने के लिए कहा गया।
NIC क्लाउड की समस्या से प्रभावित हुआ सिस्टम
KGMU IT सेल की प्रभारी डॉ. प्रीति अग्रवाल के मुताबिक, NIC के क्लाउड में तकनीकी समस्या के कारण सर्वर प्रभावित हुआ है। समस्या सोमवार से लगातार बनी हुई है और तकनीकी टीम इसे ठीक करने में जुटी है।
फिलहाल सर्वर कब तक पूरी तरह बहाल होगा, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है। व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए मैन्युअल रजिस्ट्रेशन और बिलिंग की व्यवस्था अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, ऑनलाइन सिस्टम प्रभावित होने के कारण मरीजों को अभी भी काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
News Wani
