फतेहपुर। जिला प्रशासन द्वारा ट्रक मालिकों के किए जा रहे उत्पीड़न के मामले को लेकर फतेहपुर ट्रक ऑपरेटर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को एक पत्र सौंपकर वाहन के प्रपत्रों की जांच कराकर ट्रक को अवमुक्त कराने की मांग की।
जिलाधिकारी को दिए गए पत्र में ट्रक मालिक जफर दानिश ने बताया कि ट्रक संख्या UP-71BT-9119 को सेल्स टैक्स बांदा ने 4 अक्टूबर को थरियांव थाने में बंद कर दिया था। अगले दिन 5 अक्टूबर को ट्रक रिलीज हुआ, जिसमें आरटीओ, सेल्स टैक्स और खनिज विभाग का रिलीज ऑर्डर भी शामिल था।
उन्होंने बताया कि जिस दिन गाड़ी बंद हुई थी, उसी दिन खनिज ब्रेकडाउन भी खनिज विभाग की साइट पर अपडेट था। जब वाहन रिलीज ऑर्डर लेकर आ रहा था, तब सोमवार की रात एसडीएम सदर के निर्देश पर उसे बहुआ चौकी में खड़ा करा दिया गया।
फतेहपुर ट्रक ऑपरेटर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष बबलू सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा वाहन मालिकों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि पूरे मामले की जांच कराकर ट्रक को तत्काल अवमुक्त कराया जाए।
इस मौके पर एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री अरविंद सिंह सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
News Wani
