Breaking News

एमएलसी चुनाव में सपा की जीत पर अमौली में जश्न, कार्यकर्ताओं ने बांटे लड्डू

अमौली, फतेहपुर। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मान सिंह यादव की बड़ी जीत से सपाइयों में उत्साह की लहर दौड़ गई। जीत की खुशी में जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र के अमौली चौराहे पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। सपा नेता नरेश उमराव और पूर्व एमएलसी लवकुश मिश्रा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर जीत की बधाई दी और समाजवादी पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाए।

जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रबल दावेदार नरेश उमराव ने ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं को लड्डू खिलाकर खुशी का इजहार किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में करीब नौ हजार मतपत्र अवैध घोषित किए गए हैं। यदि हार-जीत का अंतर दो से चार हजार मतों का होता तो इन अवैध मतों के कारण चुनाव परिणाम की स्थिति अलग हो सकती थी, लेकिन सपा प्रत्याशी ने बड़े अंतर से जीत दर्ज कर विरोधियों को ऐसा कोई मौका नहीं दिया।

उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। साथ ही उन्होंने ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से मतदान कराने की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती और चुनाव की निष्पक्षता के लिए बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाने चाहिए।

वहीं, पूर्व एमएलसी लवकुश मिश्रा ने कहा कि बैलेट पेपर से हुए चुनाव ने निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान का संदेश दिया है। अयोध्या के बाद काशी में भी समाजवादी पार्टी को मिली ऐतिहासिक सफलता कार्यकर्ताओं की एकजुटता और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व पर जनता के भरोसे को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि एमएलसी चुनाव की जीत राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसमें स्नातक, शिक्षक और स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि अपने मताधिकार का प्रयोग करते हैं। इस जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उन्हें नई ऊर्जा मिली है।

About NW-Editor

Check Also

बंधवा-ललौली मार्ग पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, दोस्त अस्पताल में भर्ती

फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के बंधवा-ललौली मार्ग पर अंग्रेजी शराब ठेके के पास गुरुवार देर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *