फतेहपुर। जिले में कांग्रेस पार्टी गांव-गांव तक पहुंच बनाने और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से संगठन सृजन अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत जिले में आए राष्ट्रीय पर्यवेक्षकों में राष्ट्रीय सचिव वीरेंद्र राठौर, प्रदेश महासचिव कनिष्क पांडेय, प्रदेश चेयरमैन अवनीश सलूजा तथा जिला संगठन से जुड़े पदाधिकारी सभी ब्लॉकों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान वे ब्लॉक कमेटियों के सदस्यों से मुलाकात कर पार्टी की मौजूदा स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
एक ओर संगठन में आपसी खींचतान के चलते विपक्षी दल सक्रिय हैं, वहीं दूसरी ओर मौजूदा जिला संगठन जिले में अपनी पकड़ मजबूत करने का लगातार प्रयास कर रहा है। इन परिस्थितियों के बीच जिले में प्रवास कर रहे पर्यवेक्षक पूरी गंभीरता के साथ संगठन के हर पहलू पर नजर रख रहे हैं और प्रतिदिन की रिपोर्ट राहुल गांधी तक पहुंचा रहे हैं।
पर्यवेक्षक पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के अलावा जिले के समाजसेवियों तथा गणमान्य लोगों से भी मुलाकात कर संगठन और पार्टी की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी जुटा रहे हैं। पर्यवेक्षक अब तक चार ब्लॉकों का दौरा कर चुके हैं।
एक सवाल के जवाब में पर्यवेक्षक वीरेंद्र राठौर ने बताया कि उनके द्वारा सभी कांग्रेसजनों से मुलाकात कर पार्टी की स्थिति का आकलन किया जा रहा है, जो जिले में अच्छी नजर आ रही है।
पर्यवेक्षकों के साथ जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी, शहर अध्यक्ष मो. आरिफ गुड्डा, पार्टी प्रवक्ता ई. देवी प्रकाश दुबे, उपाध्यक्ष कलीम उल्ला सिद्दीकी और अरुण जायसवाल भी मौजूद रहे।
News Wani
