महोबा। जिले में समाजवादी पार्टी के प्रदर्शन के दौरान सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र भाषा के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। सांसद का बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में विवाद गहरा गया है।
सोमवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने महोबा कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल को संबोधित 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व सांसद अजेंद्र सिंह लोधी और जिलाध्यक्ष शोभा लाल यादव ने किया। इस दौरान बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर, महंगाई, किसानों की समस्याओं और पेयजल संकट को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी के लिए “हरामी” जैसे अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल किया और उन्हें “देश विरोधी प्रधानमंत्री” बताया। सांसद ने केंद्र सरकार की नीतियों और प्रधानमंत्री के विदेशी दौरों पर भी सवाल उठाए।
सांसद ने पश्चिम बंगाल चुनाव का जिक्र करते हुए ईवीएम में गड़बड़ी और मतदाता सूची से नाम हटाने जैसे गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार भय का माहौल बनाकर देश चला रही है। साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की वापसी का दावा भी किया।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने स्मार्ट मीटर योजना वापस लेने, रसोई गैस और खाद्यान्न पर सब्सिडी बहाल करने, किसानों को फसल बीमा का लाभ दिलाने और पेयजल संकट की जांच कराने की मांग उठाई। सांसद ने चेतावनी दी कि यदि 15 जून तक नालों की सफाई और चरखारी क्षेत्र की टूटी पुलिया की मरम्मत नहीं हुई, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
सांसद के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल इस मामले में प्रशासन या भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

News Wani