सीबीएसई ईस्ट जोन जूडो चैंपियनशिप में पुलिस मॉडर्न स्कूल, इटावा की दो छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल कर जनपद इटावा, पुलिस परिवार एवं विद्यालय का गौरव बढ़ाया। दोनों छात्राओं का चयन राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है।
दिनांक 27 जुलाई 2026 से 30 जुलाई 2026 तक प्रयागराज में आयोजित सीबीएसई ईस्ट जोन जूडो चैंपियनशिप में पुलिस मॉडर्न स्कूल, इटावा की छात्रा मानवी ने अंडर-11 आयु वर्ग के 40 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में तथा छात्रा ट्विंकल ने अंडर-17 आयु वर्ग के 70 किलोग्राम से कम भार वर्ग में उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के बाद दोनों खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता के लिए किया गया है। राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता का आयोजन 29 सितम्बर 2026 से 24 अक्टूबर 2026 तक मिनर्वा पब्लिक स्कूल, करनाल, हरियाणा में प्रस्तावित है। इस प्रतियोगिता में मानवी एवं ट्विंकल पुलिस मॉडर्न स्कूल तथा जनपद इटावा का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने दोनों स्वर्ण पदक विजेता छात्राओं को सम्मानित करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना के विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर जनपद इटावा एवं उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिषेक सक्सेना ने दोनों छात्राओं की उपलब्धि को विद्यालय परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने छात्राओं के निरंतर अभ्यास, समर्पण एवं प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना की। इस सफलता में विद्यालय के शारीरिक शिक्षक गजेन्द्र सिंह एवं अलका सिंह, साथ ही प्रशिक्षक दीक्षा अवस्थी एवं ललिता यादव के मार्गदर्शन और अथक परिश्रम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इटावा पुलिस ने मानवी एवं ट्विंकल को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

News Wani