Breaking News

फतेहपुर में कांग्रेस का संगठन मजबूत करने की कवायद तेज, 13 ब्लॉकों में पहुंचेगा पर्यवेक्षक दल

फतेहपुर। कांग्रेस को जिले में नए सिरे से मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। संगठन सृजन अभियान के तहत राष्ट्रीय पर्यवेक्षकों ने फतेहपुर पहुंचकर संगठन की जमीनी हकीकत परखने की कमान संभाल ली है। लाला बाजार स्थित मोतीलाल मैरिज हॉल में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संवाद कर पर्यवेक्षकों ने संगठन की स्थिति, सक्रियता और आगामी रणनीति को लेकर जानकारी जुटाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले से लेकर ब्लॉक स्तर तक संगठन की वास्तविक स्थिति जानने के लिए कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया जाएगा।

कांग्रेस कार्यालय ज्वालागंज में आयोजित वार्ता में पूर्व राष्ट्रीय सचिव बीरेंद्र राठौर ने बताया कि संगठन सृजन अभियान के तहत 16 से 20 अगस्त तक जिले के सभी 13 ब्लॉकों का दौरा किया जाएगा। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्षों और संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात कर उनकी बात सुनी जाएगी। साथ ही समाजसेवियों, पत्रकारों और वरिष्ठ कांग्रेसियों से भी संवाद कर संगठन को लेकर उनके सुझाव और अनुभव जुटाए जाएंगे।

अभियान के बाद तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौंपी जाएगी। इसका उद्देश्य संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन कर उसकी कमियों को दूर करना और कांग्रेस को बूथ से लेकर जिला स्तर तक अधिक मजबूत बनाना है।

जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि किसी भी संगठन में विरोध और असहमति होना स्वाभाविक है, लेकिन इसे संसदीय भाषा और लोकतांत्रिक तरीके से ही सामने रखा जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने कार्यों का अवलोकन करने और संगठन को मजबूत करने के लिए नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने के लिए आगे आने का आह्वान किया।

शहर अध्यक्ष आरिफ गुढ़ा ने कहा कि जिले में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को बंटने के बजाय एकजुट होकर पार्टी को और मजबूत करना होगा। उन्होंने संगठन में आपसी समन्वय और एकजुटता को पार्टी की मजबूती का आधार बताया।

कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष युवक कांग्रेस कनिष्क पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल राय, फ्रंटल संगठनों के चेयरमैन अवनीश सलूजा समेत जिले के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में भीषण सड़क हादसा: दो ट्रकों की टक्कर में खलासी की मौत, चालक ने कानपुर में तोड़ा दम

फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ-एनएच-2 पर ट्रकों की भिड़ंत में खलासी की मौके पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *