इटावा। महिला एवं बाल सुरक्षा के मामलों में दोषियों को सजा दिलाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत इटावा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इटावा पुलिस एवं अभियोजन की प्रभावी पैरवी के चलते थाना कोतवाली क्षेत्र से जुड़े पॉक्सो के मामले में माननीय न्यायालय टीआरसी/पॉक्सो कोर्ट, इटावा ने दोषी इंतजार अली पुत्र सलीम, निवासी मकान संख्या 76, गली नंबर 1, गोला कुआं, आजाद नगर, थाना नौचंदी, जनपद मेरठ को 20 वर्ष के कारावास एवं 65,000 रुपये के अर्थदंड** से दंडित किया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तथा न्यायालय से दोषियों को दंडित कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में की गई।
मामला थाना कोतवाली क्षेत्र का है। वादिया द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर दिनांक 23 मार्च 2024 को थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 84/2024, धारा 363, 366, 376 भादवि एवं 3/4(2) पॉक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। आरोप था कि अभियुक्त द्वारा वादिया की नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया तथा उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सौरभ सिंह द्वारा की गई। विवेचना के दौरान आवश्यक साक्ष्यों का संकलन कर अभियुक्त के विरुद्ध आरोपपत्र माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा द्वारा मामले की लगातार निगरानी करते हुए प्रभावी पैरवी के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
न्यायालय में थाना कोतवाली पुलिस टीम, पैरोकार कांस्टेबल अक्षय मोदी, मॉनिटरिंग सेल की टीम तथा एडीजीसी देवेन्द्र तिवारी द्वारा निर्धारित तिथियों पर गवाहों एवं अन्य साक्ष्यों को प्रस्तुत कर प्रभावी एवं सशक्त पैरवी की गई। पुलिस एवं अभियोजन की इसी पैरवी के परिणामस्वरूप 31 जुलाई 2026 को माननीय टीआरसी/पॉक्सो कोर्ट, इटावा ने अभियुक्त इंतजार अली को दोषी ठहराते हुए 20 वर्ष के कारावास एवं 65,000 रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई।
इटावा पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों में दोषियों को न्यायालय से कठोर सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी लगातार की जा रही है। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत हुई यह कार्रवाई अपराधियों के विरुद्ध पुलिस की सख्त कार्यवाही और न्यायालय में प्रभावी पैरवी का परिणाम मानी जा रही है।

News Wani