हज 2027: उत्तर प्रदेश के 22,510 जायरीन का चयन, ऑनलाइन कुर्रा से हुई प्रक्रिया पूरी; 10 अगस्त तक जमा करनी होगी पहली किस्त
न्यूज़ वाणी ब्यूरो, लखनऊ।
हज यात्रा 2027 की तैयारी शुरू हो गई है। प्रदेश के हजारों मुस्लिम परिवारों के लिए राहत और खुशी की खबर सामने आई है। हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा आयोजित ऑनलाइन कुर्रा (लॉटरी) प्रक्रिया के माध्यम से उत्तर प्रदेश के 22,510 आवेदकों का चयन किया गया है। चयनित जायरीनों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से सूचना भेजी जा रही है।
हज कमेटी के अनुसार चयनित आवेदकों को अपनी सीट सुरक्षित रखने के लिए पहली किस्त के रूप में 1.52 लाख रुपये निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा करना अनिवार्य होगा। पहली किस्त जमा करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त निर्धारित की गई है। समय पर राशि जमा न करने पर चयन निरस्त होने की संभावना बनी रहेगी।
हज यात्रा इस्लाम के पांच प्रमुख स्तंभों में से एक मानी जाती है और प्रत्येक सक्षम मुसलमान की यह हार्दिक इच्छा होती है कि उसे जीवन में कम से कम एक बार पवित्र हज यात्रा का सौभाग्य प्राप्त हो। ऐसे में चयनित जायरीनों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। लोग अल्लाह का शुक्र अदा कर रहे हैं और पवित्र यात्रा की तैयारियों में जुट गए हैं।
हज कमेटी ने सभी चयनित यात्रियों से अपील की है कि वे समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अपने दस्तावेजों को समय पर पूरा करें तथा निर्धारित तिथि तक पहली किस्त जमा करना सुनिश्चित करें। इसके अलावा पासपोर्ट, स्वास्थ्य संबंधी औपचारिकताओं और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को भी समय रहते पूरा करने की सलाह दी गई है।
न्यूज़ वाणी सभी चयनित हज यात्रियों को दिली मुबारकबाद देता है और दुआ करता है कि अल्लाह तआला उनकी हज यात्रा को आसान, सुरक्षित और मक़बूल फरमाए तथा उन्हें सलामती के साथ अपने घरों को वापस लौटाए। आमीन।

News Wani