Breaking News

बिजली संकट पर हिंदू महासभा का फूटा गुस्सा

– 17 जून को बिजली विभाग कार्यालय घेरने का ऐलान
– बैठक को संबोधित करते वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज त्रिवेदी।
फतेहपुर। जिले में जारी अघोषित बिजली कटौती को लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को आईटीआई रोड स्थित संगठन के कैंप कार्यालय में आयोजित मासिक बैठक में कार्यकर्ताओं ने बिजली व्यवस्था पर तीखी नाराजगी जताते हुए विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही और संवेदनहीनता का आरोप लगाया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो 17 जून को बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जिलाध्यक्ष शशिकांत मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज त्रिवेदी ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच पूरे जिले में अघोषित बिजली कटौती से आम जनता का जीवन प्रभावित हो गया है। दिन और रात में लगातार हो रही बिजली कटौती के कारण लोगों को पेयजल, घरेलू कार्यों और व्यापारिक गतिविधियों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जहां निर्बाध बिजली आपूर्ति का दावा कर रही है, वहीं जिले में स्थिति इसके विपरीत दिखाई दे रही है। बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी जनता की समस्याओं के प्रति उदासीन बने हुए हैं। शिकायत दर्ज कराने के लिए फोन किए जाने पर अधिकारी फोन तक नहीं उठाते, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो संगठन जनहित में बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। बैठक में प्रयागराज मंडल उपाध्यक्ष रामगोपाल शुक्ला, जिला प्रभारी गजेंद्र मौर्य, स्वामी राम आसरे आर्य, करण सिंह पटेल, डॉ. प्रमोद पांडेय, संतोष नेता, अर्जुन वैद्य, एस.के. गुप्ता, ओम प्रकाश मौर्य, स्वामी गणेशानंद महाराज, शुभम सविता, महिला जिलाध्यक्ष संगीता गुप्ता, पुष्पा गुप्ता, नीलम यादव समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

रेडक्रास चेयरमैन ने स्वच्छताग्राहियों को बांटे मास्क व दवाएं

– सभासद विनय तिवारी ने प्रतीक चिन्ह भेंट कर किया सम्मानित – स्वच्छताग्राहियों को मास्क …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *