– सभासद विनय तिवारी ने प्रतीक चिन्ह भेंट कर किया सम्मानित
– स्वच्छताग्राहियों को मास्क व दवाएं वितरित करते रेडक्रास चेयरमैन।
फतेहपुर। भीषण गर्मी और हीटवेव के बढ़ते खतरे के बीच सोमवार को नगर पालिका के स्वच्छताग्राहियों के लिए विशेष हीटवेव बचाव जागरूकता महाअभियान चलाया गया। सिविल लाइंस क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने स्वच्छताग्राहियों को भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने, तेज धूप में निकलते समय सिर को टोपी या कपड़े से ढकने, पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थों का सेवन करने तथा मसालेदार एवं खुले खाद्य पदार्थों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी। उन्होने होमियोपैथिक औषधियां, मास्क तथा ओआरएस के पैकेट वितरित किए। कार्यक्रम में उपस्थित स्वच्छताग्राहियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे उनके स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। सिविल लाइंस वार्ड के सभासद विनय तिवारी ने डॉ. अनुराग श्रीवास्तव एवं उनकी टीम को प्रभु की प्रतिमा प्रतीक चिन्ह के रूप में भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कार्यकारिणी सदस्य शैलेंद्र अग्निहोत्री, दिलीप कुमार श्रीवास्तव, चैतन्य कुमार, आजीवन सदस्य उमेश कुमार, प्राथमिक शिक्षक संघ हसवा के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह भदौरिया, सूर्यप्रकाश मिश्र सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

News Wani