Breaking News

फसल नुकसान सर्वे के नाम पर अवैध वसूली, किसानों ने सर्वेयरों को पहनाई चूड़ी-पेटीकोट और जूतों की माला

 

महोबा। जिले में कई दिनों तक हुई लगातार बारिश के चलते खेतों में पानी भर जाने से जहां एक ओर किसानों की फसल बर्बाद हो गई वहीं दूसरी तरफ बर्बाद फसल का सर्वे कराने के नाम पर सर्वेयर के अवैध वसूली किये जाने से ग्रामीणों में खासा रोष व्याप्त है। इस अवैध वसूली के खिलाफ विकासखंड चरखारी के नटर्रा गांव में नाराज किसानों दो सर्वेयरों के खिलाफ अनोखे तरीके से प्रदर्शन कर विरोध जताया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल नुकसान का सर्वे करने पहुंचे दोनों सर्वेयरों पर किसानों ने पैसे मांगने का आरोप लगाया और महिलाओं ने दोनों को चूड़ी, पेटीकोट और ब्लाउज पहनाया, लाली बिंदी लगाकर गले में जूतों की माला डालकर पूरे गांव में घुमाया और पुलिस के हवाले कर दिया।

बर्बाद हुई फसल का किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल नुकसान का मुआवजा मिलने की आस लगाए थे, इसी बीच बीमा कंपनी इफ्को टोक्यो से जुड़ी निजी एजेंसी ग्लोबल अर्क के दो सर्वेयर नटर्रा गांव में पहुंचे, जो मध्य प्रदेश के छतरपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। किसानों का आरोप है कि दोनों सर्वेयर पिछले एक सप्ताह से गांव में जाकर फसल नुकसान का ज्यादा सर्वे दर्ज करने और ज्यादा बीमा राशि दिलाने का लालच दे रहे थे। इसके बदले वह किसानों से एक हजार से पांच हजार रुपये तक की मांग कर रहे थे साथ ही पैसे नहीं देने पर सर्वेयर बीमा का लाभ नहीं मिलने की धमकी भी देते थे। किसानों के बताया कि इस तरह सर्वेयरों ने करीब 200 किसानों से लगभग 2 लाख रुपए नकद और ऑनलाइन माध्यम से लिए गए। अवैध वसूली की जानकारी होने पर जागरूक ग्रामीणों और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रविन्द्र राजपूत ने दोनों सर्वेयरों को पकड़ पूछताछ करने पर किसानों से पैसे लेने की बात स्वीकार की। इसके बाद चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत को सूचना दी गई। विधायक के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि सूरज पांडे समर्थकों के साथ गांव पहुंचे।

चरखारी विधायक प्रतिनिधि और ग्रामीणों की मौजूदगी में महिला किसानों ने दोनों सर्वेयरों पर नाराजगी जताते हुए उन्हें चूड़ी, पेटीकोट और ब्लाउज पहनाया। इसके बाद लाली बिंदी लगाकर गले में जूतों की माला डाली और दोनों को पूरे गांव में घुमाया। हंगामे की सूचना मिलने पर कृषि अधिकारी राम सजीवन भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने नामजद तहरीर देकर दोनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और किसानों से लिए गए पैसे वापस कराने की मांग की। कृषि अधिकारी ने मामले की जानकारी जिलाधिकारी को देने और निष्पक्ष जांच के बाद सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। मामले के बाद दोनों सर्वेयर पुलिस की हिरासत में हैं। पुलिस मामले की और अधिक जानकारी करने में जुटी हुई है।

About NW-Editor

Check Also

महोबा में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के साथ आत्मनिर्भरता का पाठ, पुलिस ने बताए अधिकार और हेल्पलाइन नंबर

  *महोबा* मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *