गगल (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े एयरपोर्ट गगल स्थित कांगड़ा से नोएडा के जेवर के लिए इंडिगो की फ्लाइट शुरू हो गई है। बुधवार सुबह 10:30 के करीब इंडिगो का विमान नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरकर कांगड़ा पहुंचा। कांगड़ा एयरपोर्ट के निदेशक अमित सकलानी ने बताया कि इंडिगो का विमान पहले दिन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 47 यात्री लेकर कांगड़ा पहुंचा। एयरपोर्ट पर विमान यात्रियों का स्वागत किया गया। हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए हवाई यात्रा को लेकर एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य के सबसे बड़े गगल यानी कांगड़ा एयरपोर्ट से उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए इंडिगो एयरलाइंस की सीधी उड़ान सेवा शुरू हो गई है। इस नई सेवा के शुरू होने से हिमाचल प्रदेश, खासकर कांगड़ा, धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) तक पहुंचना अब पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगा।

News Wani