बहराइच 31 जुलाई। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव, नमी एवं गंदगी के कारण मच्छरजनित और जलजनित रोगों के बढ़ते खतरे को देखते हुए विद्यालयों में दो दिवसीय विशेष स्वच्छता एवं सुरक्षा अभियान संचालित किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में सभी परिषदीय विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जारी निर्देशों के अनुसार विद्यालय परिसर, कक्षाओं, शौचालयों, पेयजल स्रोतों तथा रसोईघरों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी। परिसर में किसी भी प्रकार का जलभराव न होने देने तथा समुचित जल निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालय भवनों की छतों पर जमा सूखे पत्तों एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाकर छतों की सफाई कराई जाएगी, ताकि वर्षा का पानी एकत्र न हो सके।
मच्छरों की रोकथाम के लिए आवश्यकता अनुसार एंटी-लार्वा छिड़काव, फॉगिंग एवं अन्य निवारक उपाय स्थानीय स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से कराए जाएंगे। साथ ही पेयजल की शुद्धता सुनिश्चित करने, पानी की टंकियों की सफाई एवं आवश्यकतानुसार कीटाणुशोधन कराने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालय परिसर में झाड़-झंखाड़, घास-फूस तथा जलभराव वाले स्थानों की नियमित सफाई भी कराई जाएगी।
निर्देशों में विद्युत तारों, भवनों की छतों, दीवारों एवं अन्य संरचनाओं का निरीक्षण कर संभावित खतरों का तत्काल निस्तारण कराने पर भी विशेष बल दिया गया है। छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को स्वच्छता, हाथ धोने की आदत, सुरक्षित पेयजल के उपयोग तथा वर्षा ऋतु में होने वाले रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। किसी भी प्रकार की असुरक्षित स्थिति या आपात परिस्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि अभियान के अंतर्गत कराए गए साफ-सफाई एवं सुरक्षा संबंधी कार्यों के फोटोग्राफ एवं वीडियो सुरक्षित रखें तथा प्रत्येक विकास खंड से दो फोटो एवं एक वीडियो एसएसएयूपीसीआईवीआईएलएनईडब्ल्यू/जीमेल डाट काम पर साझा करना सुनिश्चित करें। यह भी बताया गया है कि अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में महानिदेशक स्तर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की समीक्षा की जाएगी, इसलिए किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

News Wani