Breaking News

“भाषा की राजनीति गरमाई: ममता बनाम शाह, TMC का मोदी को ‘₹5 कैंटीन’ निमंत्रण”

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है। इससे पहले राजनीतिक तापमान बढ़ रहा है। शनिवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘हिंसक बयानों’ पर कानूनी मामला दर्ज करने की बात कही। उन्होंने कहा कि एक गृह मंत्री ऐसे बयान नहीं दे सकते। सीएम ममता ने हुगली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने शाह की ‘उल्टा लटकाने’ वाली चेतावनी पर निशाना साधा।

सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा का ‘जबरदस्ती वाला रवैया’ बंगाल के मतदाताओं को पसंद नहीं आएगा। उन्होंने शाह की भाषा पर सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के बाद लोगों को उल्टा लटकाने की बात अस्वीकार्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस मानसिकता से बंगाल कभी नहीं जीता जा सकता।  मुख्यमंत्री के बयान से इतर बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘मां कैंटीन’ में पांच रुपये वाला भोजन करने का न्योता भी दिया।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री चुनाव प्रचार के लिए पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। टीएमसी ने उनसे राज्य की जमीनी हकीकत देखने का आग्रह किया। टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने शनिवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा, पीएम मोदी जब भी घुसपैठ की बात करते हैं, तो वह अनजाने में अपने सहयोगी और देश के गृह मंत्री अमित शाह की आलोचना करते हैं। शाह की जिम्मेदारियों में सीमा सुरक्षा भी शामिल है।

बकौल कुणाल घोष, प्रधानमंत्री को ममता बनर्जी सरकार के तहत राज्य की जमीनी हकीकत का अनुभव करना चाहिए। उन्होंने कहा, पीएम मोदी ने हाल ही में झाड़ग्राम में एक बिहारी दुकानदार से से झालमुड़ी खाई थी। इस विक्रेता की मदद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नीत सरकार ने की। प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को हुगली नदी में नौका विहार का आनंद लिया, क्योंकि वहां का पानी साफ है। घोष ने कहा कि दिल्ली की यमुना नदी में ऐसा अवसर नहीं मिल सकता था, क्योंकि वहां का पानी बहुत प्रदूषित है।

क्या है मां कैंटीन योजना?: ‘मां कैंटीन’ योजना पश्चिम बंगाल सरकार की एक पहल है। इसे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 2021 में शुरू किया था। इसके तहत पांच रुपये प्रति प्लेट में पका हुआ रियायती भोजन मुहैया कराया जाता है। राज्य भर में सैकड़ों ‘मां कैंटीन’ चलाई जा रही हैं। इनका लक्ष्य दैनिक वेतन भोगी श्रमिकों, गरीबों और वंचितों को भोजन उपलब्ध कराना है।

गृह मंत्री शाह की चेतावनी: शुक्रवार को अमित शाह ने टीएमसी के कथित ‘गुंडों’ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी थी। आरामबाग में एक जनसभा में शाह ने यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि यदि 29 अप्रैल को आरामबाग के लोगों को परेशान किया गया, तो 5 मई के बाद निर्णायक कार्रवाई होगी। शाह ने ‘दीदी के गुंडों’ को 29 अप्रैल को घरों से बाहर न निकलने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि परेशान करने वालों को उल्टा लटकाकर सीधा कर दिया जाएगा।

दूसरे चरण का मतदान और नतीजों की घोषणा कब: विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरुवार शाम 6 बजे समाप्त हुआ। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, पश्चिम बंगाल में 92.88 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। यह उच्च मतदान सक्रिय चुनावी प्रक्रिया को दर्शाता है। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जबकि वोटों की गिनती 4 मई को निर्धारित है। अमित शाह ने शुक्रवार को पहले चरण के रिकॉर्ड मतदान के लिए मतदाताओं को बधाई दी और निर्वाचन आयोग व सुरक्षा बलों की प्रशंसा की।

About NW-Editor

Check Also

दिग्गज फ़ोटोग्राफ़र रघु राय का निधन, आज दी जाएगी अंतिम विदाई

जाने-माने फ़ोटोग्राफ़र रघु राय का शनिवार को निधन हो गया. वह 83 साल के थे. …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *