जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन के माध्यम से शुद्ध पेयजल आपूर्ति का आमजन के जीवन पर पड़ने वाले प्रभाव के मूल्यांकन हेतु लखनऊ विश्वविद्यालय के सामाजिक कार्य विभाग से जनपद मऊ के लिए नामित अध्ययन दल द्वारा शुक्रवार को विकास खंड दोहरीघाट के ग्राम गोफा एवं बन्धनपुर का भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान टीम ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं की जमीनी स्थिति का अवलोकन किया तथा पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता का मूल्यांकन किया। इस अवसर पर जल निगम के जिला समन्वयक, जूनियर इंजीनियर, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि तथा संबंधित ग्राम प्रधान उपस्थित रहे। अध्ययन दल ने ग्राम स्थित विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वयं सहायता समूहों, जल सखियों एवं ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर पाइपलाइन के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे शुद्ध पेयजल से होने वाले लाभों एवं जनसंतुष्टि की जानकारी प्राप्त की। साथ ही ग्रामीणों से नियमित जलापूर्ति, पानी की उपलब्धता तथा जल आपूर्ति के प्रेशर के संबंध में भी विस्तृत जानकारी ली तथा मौके पर इसकी जांच की। टीम द्वारा भ्रमण के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं स्थानीय लोगों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर जल जीवन मिशन की प्रगति एवं उसके सामाजिक प्रभाव का मूल्यांकन किया जाएगा, जिससे भविष्य में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आवश्यक सुधार के संबंध में सुझाव तैयार किए जा सकें।

News Wani