Breaking News

फतेहपुर में श्री अन्न को बढ़ावा: गांव-शहर तक मिलेट्स उत्पाद पहुंचाएंगे मोबाइल आउटलेट

फतेहपुर। जिले में मोटे अनाज यानी मिलेट्स (श्री अन्न) को जन-जन की थाली तक पहुंचाने की मुहिम को रफ्तार मिल गई है। बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने मिलेट्स मोबाइल आउटलेट वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मोबाइल वाहनों के जरिए अब गांव से लेकर शहर तक लोगों को श्री अन्न से तैयार पौष्टिक उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।

उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरुद्धार कार्यक्रम के तहत वर्ष 2025-26 में फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, ग्राम नरौली बुजुर्ग एवं पिनाकी एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, ग्राम टिकरा को मिलेट्स मोबाइल आउटलेट का लाभ दिया गया है। इन वाहनों के माध्यम से श्री अन्न के उत्पादों की बिक्री के साथ-साथ लोगों को इसके पोषण और स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित एफपीओ के प्रबंध निदेशकों को निर्देश दिए कि मोबाइल आउटलेट वाहनों का संचालन निर्धारित शेड्यूल के अनुसार नियमित रूप से किया जाए। साप्ताहिक हाट-बाजार, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में वाहनों को निर्धारित स्थानों पर खड़ा कर अधिक से अधिक लोगों तक श्री अन्न के उत्पाद पहुंचाए जाएं।

डीएम ने कहा कि मिलेट्स के सेवन और उससे होने वाले लाभों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना जरूरी है। किसानों और आमजन को श्री अन्न के पोषण संबंधी महत्व की जानकारी देकर इसके उपयोग के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने गुणवत्तायुक्त मिलेट्स उत्पादों को निर्धारित दरों पर आमजन को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

मोबाइल आउटलेट में श्री अन्न का आटा, विभिन्न प्रकार के अनाज, कैंडी, लड्डू, बिस्किट समेत अन्य उत्पाद उपलब्ध रहेंगे। प्रशासन का उद्देश्य श्री अन्न को लोगों की रोजमर्रा की भोजन की थाली तक पहुंचाने के साथ किसानों को मिलेट्स की खेती और उससे जुड़े उत्पादों के लिए प्रोत्साहित करना है।

इस दौरान उप कृषि निदेशक राम जनम मिश्र, जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार, अवर अभियंता अजीत कुमार, भूमि संरक्षण अधिकारी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर के धाता में सरकारी योजनाओं का जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने की दी जानकारी

धाता, फतेहपुर। जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *