Breaking News

BSP लोहा चोरी कांड में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, मास्टरमाइंड संजय सिंह गिरफ्तार

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में करीब 250 टन स्क्रैप लोहा चोरी के मामले में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले के मास्टरमाइंड संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उसे हिरासत में लेकर दुर्ग लाया जा रहा है। इस पूरे मामले में संजय सिंह और उसके बेटे अभय सिंह पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। जानकारी के अनुसार, यह मामला छावनी सर्किल के भिलाई-3 थाना क्षेत्र का है, जहां भिलाई स्टील प्लांट से बड़े पैमाने पर स्क्रैप लोहे की चोरी की शिकायत सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी समानांतर जांच कर रही थी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी संजय सिंह को आखिरकार दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, ताकि चोरी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके। इस बीच छावनी CSP प्रशांत पैकरा ने मामले की जानकारी होने से इनकार किया है, जबकि दूसरी ओर दुर्ग रेंज के DIG-SSP विजय अग्रवाल और क्राइम DSP यदुमणि सिदार ने संजय सिंह की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि संजय सिंह और उसके बेटे अभय सिंह पर आरोप है कि उन्होंने संगठित तरीके से भिलाई स्टील प्लांट से स्क्रैप लोहा चोरी की योजना बनाई और उसे अलग-अलग माध्यमों से खपाने का प्रयास किया। फिलहाल बेटे अभय सिंह की तलाश जारी है और पुलिस उसकी संभावित लोकेशनों पर लगातार दबिश दे रही है। मामले की जांच में यह भी सामने आ रहा है कि चोरी का नेटवर्क बड़ा हो सकता है और इसमें अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस अब इस पूरे गिरोह की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। गिरफ्तारी के बाद इलाके में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा और सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

About NW-Editor

Check Also

छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल तेज: CM हाउस में अचानक बुलाई गई अहम बैठक, देर रात पहुंचे मंत्री

छत्तीसगढ़ की राजनीति में गुरुवार रात उस समय हलचल तेज हो गई, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *