फ़िरोज़ाबाद कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की अध्यक्षता में ‘निपुण भारत मिशन’ के अंतर्गत बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने शिक्षा विभाग की प्रगति की गहन समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, सीडीओ ने सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि नामांकन प्रक्रिया में शत-प्रतिशत बच्चों के दाखिले पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
विद्यालयों का निरंतर आकस्मिक निरीक्षण किया जाए। निरीक्षण के दौरान जो भी अध्यापक अनुपस्थित पाए जाएं, उनके विरुद्ध रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
शिकोहाबाद एवं एका ब्लॉक के विद्यालयों में नामांकन की धीमी/खराब प्रगति पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
सभी विद्यालयों में पूर्ण रूप से फर्नीचर उपलब्ध होना चाहिए। जर्जर भवनों से शिफ्ट किए गए विद्यालयों में फर्नीचर का प्रयोग अवश्य सुनिश्चित किया जाए।
प्राथमिक विद्यालय लड़ीह के निर्माण की खराब गुणवत्ता पर सीडीओ ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने निर्माण कार्यदायी संस्था/फर्म को कड़ी चेतावनी जारी करते हुए निर्देश दिया कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ, तो संस्था को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा।
विद्यालयों में दिव्यांग सुलभ शौचालयों के निर्माण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे समय सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए।
सीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों को जमीन पर बैठाकर खाना न खिलाया जाए, उन्हें डाइनिंग टेबल/उपयुक्त व्यवस्था पर ही भोजन कराया जाए।
विद्युत विभाग को सख्त निर्देश दिए गए कि जिन विद्यालयों के ऊपर से हाई-टेंशन या विद्युत तार गुजर रहे हैं, उन्हें तत्काल हटवाना सुनिश्चित करें।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि “बेसिक शिक्षा विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित व गरिमापूर्ण वातावरण मिले। नामांकन में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के साथ-साथ विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं और स्वच्छता का पूरा ध्यान रखा जाए। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी और शिक्षक पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।”
News Wani
