Breaking News

फतेहपुर में शिक्षिका की संदिग्ध मौत का खुला राज: पति पर हत्या का आरोप, दूसरी महिला से संबंध का विरोध बनी वजह

फतेहपुर। नौ साल पहले जिस प्रेम कहानी ने शादी का रूप लेकर नई जिंदगी की शुरुआत की थी, उसका अंत इतना खौफनाक होगा, शायद किसी ने सोचा भी नहीं था। मोहब्बत से शुरू हुआ रिश्ता आखिरकार हत्या और साजिश तक पहुंच गया। कोतवाली नगर क्षेत्र में शिक्षिका शालिनी यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति और सरकारी प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक दिलीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस की जांच में सामने आया कि पति का एक दूसरी महिला से कथित अवैध संबंध था और शालिनी इसका विरोध करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी पति ने 8 अगस्त की सुबह शालिनी की हत्या कर दी और इसके बाद वारदात को हादसा दिखाने की कोशिश की।

शालिनी यादव और दिलीप कुमार की शादी 3 दिसंबर 2017 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध के बाद शादी हुई थी। शादी के बाद दोनों की जिंदगी आगे बढ़ी और उनका एक आठ वर्षीय बेटा भी है। हालांकि, समय के साथ रिश्ते में दरार पड़ती चली गई।

पुलिस के अनुसार, पिछले करीब डेढ़ साल से दोनों के बीच संबंध खराब चल रहे थे। जांच में सामने आया कि दिलीप कुमार के किसी दूसरी महिला से संबंध थे। शालिनी इन संबंधों का विरोध करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था।

8 अगस्त की सुबह शालिनी आंगन में बर्तन धो रही थी। इसी दौरान दिलीप ने कथित तौर पर मौका पाकर एल्युमिनियम के बर्तन के ढक्कन से उसके सिर के पीछे लगातार तीन वार कर दिए। चोट लगने से शालिनी बेहोश होकर गिर पड़ी। कांच टूटने से उसके पैर में भी चोट आई।

इसके बाद आरोपी ने शालिनी को पानी से भरे प्लास्टिक के बाथटब में ले जाकर उसकी गर्दन पकड़कर सिर पानी में डुबो दिया। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने कथित तौर पर सबूत मिटाने के लिए बाथटब का पानी बहा दिया, जिससे खून के छींटे और धब्बे भी पानी के साथ बह गए।

घटना के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल से मॉर्निंग वॉक के लिए निकल गया। कुछ देर बाद वापस लौटकर उसने अपने भाइयों को बुलाया और शालिनी के गिरकर घायल होने की कहानी बताई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद शव को किराए के मकान में वापस लाकर भी आरोपी ने मौत को हादसा बताने की कोशिश की। शालिनी की मौत के बाद मामला संदिग्ध नजर आने पर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना आगे बढ़ने पर पुलिस ने आरोपी पति दिलीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एल्युमिनियम के बर्तन का ढक्कन, टूटे कांच के छह टुकड़े, प्लास्टिक का बाथटब, मोबाइल फोन, 70 रुपये नकद और पैशन प्रो मोटरसाइकिल (नंबर UP-71AR-9541) बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दिलीप कुमार प्राथमिक विद्यालय में सरकारी शिक्षक है, जबकि शालिनी निजी स्कूल में शिक्षिका थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक त्यागदेव गौतम, उपनिरीक्षक अनमोल सिंह, कांस्टेबल राम आशीष यादव, कांस्टेबल अमन यादव, महिला कांस्टेबल ललित चौहान और कांस्टेबल गिरमनेर सिंह शामिल रहे।

About NW-Editor

Check Also

टीआईआईएस में दाखिले का मौका, 27 सितंबर को होगी प्रवेश परीक्षा

फतेहपुर। टाटा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल्स (Tata Indian Institute of Skills) मुंबई एवं अहमदाबाद में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *