फतेहपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, नई दिल्ली से संबद्ध महर्षि विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रदेश सरकार के समग्र शिक्षा एवं संस्कृति विभाग के अंतर्गत सेंट एंथोनी गर्ल्स इंटर कॉलेज, प्रयागराज में आयोजित कला उत्सव प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। संगीत की विभिन्न विधाओं में मंडल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यार्थियों ने फतेहपुर जिले का नाम रोशन किया।
विद्यालय की कक्षा 11वीं के छात्र अभिनव सिंह ने सुगम वादन में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं शास्त्रीय गायन एकल में कक्षा 11वीं के छात्र प्रखर वर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। शास्त्रीय नृत्य एकल में कक्षा 9वीं की छात्रा आयुषी द्विवेदी ने भी द्वितीय स्थान हासिल किया।
समूहगान देशभक्ति में कक्षा 9वीं की छात्रा काव्या मिश्रा तथा कक्षा 10वीं की छात्राओं आरुषी, मौली और सामायरा साहू ने सामूहिक रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
संयुक्त शिक्षा निदेशक प्रयागराज मंडल आर.एन. विश्वकर्मा ने प्रतिभागी विद्यार्थियों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों को अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए पूरी मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अन्य पाठ्य सहगामी गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
प्रधानाचार्य ने मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी प्रतिभागियों को उनकी सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
News Wani
