– कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
– कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते पटेल सेवा संस्थान के पदाधिकारी।
फतेहपुर। फतेहपुर लोकसभा क्षेत्र के निर्वाचित सांसद नरेश उत्तम पटेल के कानपुर नगर स्थित निजी आवास पर कथित तौर पर भाजपा महिला विंग की कार्यकर्ताओं द्वारा हंगामा और अभद्रता किए जाने के मामले को लेकर पटेल सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया तत्पश्चात जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में घटना की त्वरित जांच कराकर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की। बताते चलें कि जिले के सांसद नरेश उत्तम पटेल के कानपुर दामोदर नगर स्थित आवास पर उनकी अनुपस्थिति में भाजपा महिला विंग की करीब दो दर्जन महिलाओं का समूह पहुंचा। उस समय घर पर उनकी पत्नी मौजूद थीं। आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने गेट पर अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की और घर पर लगे महापुरुषों के पोस्टर व बैनर फाड़ दिए। इतना ही नहीं, सांसद के नाम पट्ट (नेम प्लेट) के साथ भी कथित रूप से जूते-चप्पलों से अभद्रता की गई और आपत्तिजनक नारे लगाए गए। इस घटना को लेकर विभिन्न संगठनों ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द पर आघात बताया है। इसी मामले को लेकर पटेल सेवा संस्थान के अध्यक्ष केपी सिंह एडवोकेट व सचिव धर्मेन्द्र उत्तम की अगुवई में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। संस्था का कहना है कि यह कृत्य समाज में विभाजन और वैमनस्य को बढ़ावा देने वाला है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। संस्थान ने राष्ट्रपति से घटना की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच की मांग की है। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। इस मौके पर सुनील उमराव एडवोकेट, अभिषेक उत्तम, देवप्रकाश उमराव एडवोकेट, फैजान अहमद मून एडवोकेट, रामनरेश पटेल एडवोकेट, डा0 रामकेश सचान, जगनायक सचान एडवोकेट, अनुज सचान, जय सिंह पटेल, पुनीत उत्तम, राजू कर्मी, दीपांशु पटेल, प्रमोद पटेल आदि मौजूद रहे।

News Wani