Breaking News

टीवी एक्ट्रेस अदिति शर्मा ने पति और ससुराल पर लगाए गंभीर आरोप, घरेलू हिंसा शिकायत की दर्ज

टीवी अभिनेत्री अदिति शर्मा ने अपने पति अभिनीत विद्यानंद कौशिक और ससुराल पक्ष के खिलाफ घरेलू हिंसा, मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और दहेज के जेवर वापस न करने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए मुंबई के गोरेगांव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

शिकायत के अनुसार, अदिति और अभिनीत की मुलाकात वर्ष 2021 में एक ऑनलाइन एक्टिंग क्लास के दौरान हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर रिश्ता प्यार में बदल गया। करीब तीन साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने 12 नवंबर 2024 को परिवार की सहमति से गुपचुप शादी कर ली।

अदिति का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। छोटी-छोटी बातों पर विवाद होने लगे, उनके पहनावे पर आपत्ति जताई जाने लगी और बार-बार उनके चरित्र पर सवाल उठाए गए। अभिनेत्री का कहना है कि घर का अधिकांश खर्च वह खुद उठाती थीं, इसके बावजूद पति उनसे लगातार पैसों की मांग करते थे और उनका मोबाइल भी चेक करते थे।

एक्ट्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद उनके सोने और हीरे के गहने उनकी सास ने अपने पास रख लिए और कई बार मांगने के बावजूद उन्हें वापस नहीं किया गया। बढ़ते विवाद के चलते दोनों अलग-अलग रहने लगे।

दूसरी ओर, इससे पहले अभिनीत विद्यानंद कौशिक ने भी सार्वजनिक रूप से अदिति पर अपने सह-कलाकार के साथ रिश्ते होने का आरोप लगाया था। उनके कानूनी सलाहकार ने भी दावा किया था कि एक बार अभिनेत्री को कथित रूप से सह-कलाकार के साथ घर में देखा गया था। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About NW-Editor

Check Also

एंटीलिया में गणपति उत्सव की धूम, सलमान खान समेत कई सितारों ने किए बप्पा के दर्शन

मुंबई। गणेश उत्सव के मौके पर मुंबई स्थित एंटीलिया में भव्य गणपति समारोह का आयोजन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *