लखनऊ। राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित पार्क रोड पर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अचानक टावर पर चढ़ गई। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और फायर विभाग की टीम ने काफी देर तक समझाइश के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
महिला की पहचान आगरा कैंट क्षेत्र के श्याम विहार छोटी कॉलोनी निवासी तुलसा के रूप में हुई है। महिला का कहना है कि वह आगरा पुलिस के खिलाफ शिकायत लेकर मुख्यमंत्री से मिलने लखनऊ आई थी। उसका आरोप है कि पुलिस ने उसके नाबालिग बेटे के साथ मारपीट की, उससे पैसे छीन लिए और मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।
बेटे के साथ मारपीट और रुपए छीनने का आरोप
महिला के अनुसार, उसने अपने नाबालिग बच्चों को आगरा रेलवे स्टेशन पर सामान लेने भेजा था। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने बच्चों पर चोरी का आरोप लगाते हुए उनकी पिटाई की। महिला का दावा है कि पुलिस ने बच्चों से करीब 2 हजार रुपये भी छीन लिए और उनका मोबाइल फोन तोड़ दिया। विरोध करने पर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई।
फायर टीम ने हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म से किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही हजरतगंज पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से महिला तक पहुंचकर उससे बातचीत की और धैर्यपूर्वक समझाते हुए सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पुलिस कर रही है पूछताछ
रेस्क्यू के बाद महिला को हजरतगंज थाने ले जाया गया, जहां उससे पूरे मामले की जानकारी ली गई। पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत संबंधित अधिकारियों तक भेजी जाएगी और आरोपों की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
