इटावा। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन मजनू एवं मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और अश्लील टिप्पणियां करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में जनपदभर में महिलाओं के साथ अशोभनीय व्यवहार करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध विशेष चेकिंग एवं अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
पहली कार्रवाई में थाना सिविल लाइन पुलिस टीम चौकी पंचशील क्षेत्र के ग्राम कांधनी में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्ति-वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति सार्वजनिक शौचालय के पास मुख्य मार्ग से गुजरने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं पर अश्लील टिप्पणियां करते हुए फब्तियां कस रहा है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और मनोहर लाल पुत्र अतर सिंह, निवासी नगला पुरा, थाना सिरसागंज, जनपद फिरोजाबाद, उम्र करीब 40 वर्ष, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध थाना सिविल लाइन में मु.अ.सं. 0138/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया।
दूसरी कार्रवाई में मिशन शक्ति अभियान के दौरान महिला पुलिस टीम को सूचना मिली कि कांधनी रेलवे क्रॉसिंग पुल के समीप एक युवक महिलाओं एवं बालिकाओं पर अश्लील टिप्पणियां कर रहा है। सूचना मिलते ही महिला उपनिरीक्षक आरती कुमारी एवं उनकी टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी का पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान हिमांशु पुत्र नन्दकिशोर, निवासी नखासा सागरान, थाना कोतवाली, जनपद इटावा, उम्र करीब 22 वर्ष, के रूप में हुई। उसके विरुद्ध थाना सिविल लाइन में मु.अ.सं. 0137/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस में अभियोग दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
इटावा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ अभद्र व्यवहार, अश्लील टिप्पणियां अथवा फब्तियां कसने वाले अराजक एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ऑपरेशन मजनू एवं मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से जनपद में महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

News Wani