इटावा। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति एवं ऑपरेशन मजनू अभियान के तहत थाना भरेह पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं पर अश्लील टिप्पणियां और फब्तियां कसने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में जनपद भर में महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध लगातार विशेष चेकिंग एवं गश्त अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 4 अगस्त 2026 को थाना भरेह क्षेत्र के महुआ सुडा तिराहे पर महिला मिशन शक्ति प्रभारी एवं महिला पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक सार्वजनिक स्थान पर आने-जाने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं पर अश्लील फब्तियां कसते हुए अभद्र व्यवहार करता पाया गया। महिला पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रदीप सिंह पुत्र गंभीर सिंह, निवासी ग्राम इमलिया, थाना भरेह, जनपद इटावा, उम्र करीब 20 वर्ष, के रूप में हुई। आरोपी के विरुद्ध थाना भरेह में मु.अ.सं. 05/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की गई है।
इटावा पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ सार्वजनिक स्थलों पर अभद्र व्यवहार, अश्लील टिप्पणियां अथवा फब्तियां कसने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

News Wani