इटावा, 5 अगस्त। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण एवं एंटी रोमियो अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में बुधवार को थाना ऊसराहार क्षेत्र स्थित लाला सियाराम इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं एवं महिलाओं के लिए विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्राओं को बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीम ने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य ऑनलाइन माध्यमों का उपयोग कर लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। छात्राओं को समझाया गया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम या डेबिट कार्ड, सीवीवी और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी अज्ञात नंबर से प्राप्त लिंक, एपीके फाइल या संदिग्ध संदेश पर क्लिक करने से बचें तथा सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से पहले सावधानी बरतें।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि ऑनलाइन नौकरी, लॉटरी, कैशबैक या निवेश के नाम पर दिए जाने वाले आकर्षक ऑफरों के झांसे में न आएं। अपनी निजी फोटो और व्यक्तिगत जानकारी सोशल मीडिया या किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें तथा फर्जी आईडी, ऑनलाइन उत्पीड़न, धमकी या आपत्तिजनक सामग्री से जुड़ी किसी भी घटना की तत्काल पुलिस को सूचना दें।
पुलिस ने छात्राओं को बताया कि यदि किसी के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है तो बिना समय गंवाए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें और निकटतम थाना या साइबर सेल से संपर्क करें। समय पर शिकायत दर्ज कराने से ठगी गई धनराशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है। साथ ही 112, 1090, 181 और 1098 हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर उनका निडर होकर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
इटावा पुलिस ने अपील की है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और अपना ओटीपी, पासवर्ड तथा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।

News Wani