महोबा। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की जनपद इकाई ने जिलाध्यक्ष देवेंद्र अरजरिया के नेतृत्व में जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें पत्रकारों की समस्याओं के निस्तारण और प्रशासन के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए ‘जिला प्रेस स्थायी समिति’ के पुनर्गठन और नियमित बैठकों की मांग की गई है। जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में जिलाध्यक्ष देवेंद्र अरजरिया ने बताया कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा 30 जून 2025 को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे कि सभी जनपदों में जिला प्रेस स्थायी समिति का गठन कर उसकी मासिक बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएं। उन्होंने खेद जताते हुए कहा कि महोबा में पिछले तीन-चार वर्षों से इन बैठकों का सिलसिला थमा हुआ है, जिससे पत्रकारों के उत्पीड़न और अन्य समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। मंडल अध्यक्ष मोहम्मद यूनुस खान की उपस्थिति में एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन प्रदेश का एक पंजीकृत और प्रभावशाली संगठन है, जिसकी महोबा में तीन तहसील इकाइयां और लगभग 125 सदस्य सक्रिय हैं। पूर्व में जिलाध्यक्ष को इस समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर शामिल किया जाता था, लेकिन लंबे समय से बैठकें न होने के कारण संवादहीनता की स्थिति बनी हुई है। जिला प्रेस स्थायी समिति का तत्काल विधिवत गठन किया जाए। शासन के निर्देशों के अनुरूप हर माह नियमित बैठकें सुनिश्चित हों।, पत्रकारों से संबंधित उत्पीड़न के मामलों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण हो। ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से मोहम्मद अजीज, राकेश पटेरिया, अरविंद अनुरागी, फैजान अली, इफ्तखार अली, महेंद्र सोनी, सुरेश निराला, अनिल बाबू, तौसीफ खान, हनुमान शुक्ला, आनंद तिवारी, शान मोहम्मद, मकबूल खान, सलमान, हरि दर्शन, हरि सिंह वर्मा सहित संगठन के दर्जनों पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

News Wani