Breaking News

लखनऊ में दोस्ती बनी दुश्मनी, युवक की बेरहमी से हत्या; पेट में घोंपी लोहे की रॉड, CCTV में कैद हुई वारदात

लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र के मामा कॉलोनी, फैजुल्लागंज में एक युवक की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। मामूली विवाद ने ऐसा रूप लिया कि दोस्त ने अपने पिता के साथ मिलकर युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के दौरान युवक के पेट में लोहे की रॉड घोंप दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पूरी घटना से जुड़ी CCTV फुटेज भी सामने आई है, जिसमें कुछ युवक शुभम पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं।

मृतक की पहचान 26 वर्षीय शुभम सोनी, पुत्र प्रेम कुमार सोनी के रूप में हुई है। वह चारपहिया वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक, शनिवार शाम उसका दोस्त सुमित उसे घूमने के बहाने घर से बुलाकर ले गया था। आरोप है कि इसके बाद उसे शराब पिलाई गई और उसके साथ मारपीट की गई।

पायल बेचने को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले सुमित ने अपनी मां की पायल बेच दी थी। इस पायल को शुभम ने ही बिकवाने में मदद की थी। बाद में शुभम को जानकारी हुई कि सुमित ने अपनी मां की पायल बेच दी है। इस पर उसने सुमित से कहा था कि वह यह बात उसके घरवालों को बता देगा।

बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश में सुमित ने अपने पिता मथुरा के साथ मिलकर शुभम की हत्या की साजिश रची और उसे घर से बुलाकर ले गया।

CCTV में कैद हुई मारपीट की पूरी घटना

घटना से जुड़ी CCTV फुटेज में शुभम एक गली से बाहर की ओर जाता दिखाई देता है। कुछ देर बाद वह दौड़ते हुए वापस आता है, जिसके पीछे कुछ युवक दिखाई देते हैं। इसके बाद उसके साथ मारपीट की जाती है। इसी दौरान उसके पेट में लोहे की रॉड घोंप दी जाती है।

गंभीर रूप से घायल होने के बाद शुभम लड़खड़ाते हुए आगे बढ़ने की कोशिश करता है। हालत बिगड़ने पर वह दीवार का सहारा लेकर खड़ा हो जाता है, लेकिन कुछ देर बाद जमीन पर गिर जाता है। घटना की तस्वीरें और CCTV फुटेज पुलिस की जांच में अहम साक्ष्य मानी जा रही हैं।

घर के बाहर मिला युवक का शव

परिजनों के मुताबिक, शनिवार शाम घर से निकला शुभम रात में वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह उसका शव घर के बाहर पड़ा मिला। शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। मां मालती सोनी ने बेटे की हत्या का आरोप उसके दोस्त सुमित, उसके पिता और अन्य लोगों पर लगाया है।

मां का कहना है कि उनका बेटा पूरी तरह स्वस्थ था और घर से बाहर गया था। उन्हें नहीं पता था कि उसे बुलाकर उसकी हत्या कर दी जाएगी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने आरोपी बाप-बेटे को किया गिरफ्तार

मामले में मृतक के भाई शिवम की शिकायत पर सुमित और उसके पिता मथुरा के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस CCTV फुटेज, पूछताछ और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।

About NW-Editor

Check Also

यूपी में 34 आईएएस अधिकारियों का तबादला, बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई जिलों को मिले नए डीएम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए 34 आईएएस अधिकारियों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *