Breaking News

इटावा में शिक्षामित्रों का सम्मान, मानदेय बढ़ाकर 18,000 किया गया

  • विधायक सरिता भदौरिया की अध्यक्षता में कार्यक्रम, 10 शिक्षामित्रों को प्रतीकात्मक चेक वितरण

ब्यूरो संजीव शर्मा

इटावा: विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में शिक्षामित्र सम्मान समारोह एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक सरिता भदौरिया ने की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बाबा गम्भीरनाथ प्रेक्षागृह से आयोजित शिक्षामित्र सम्मान समारोह का लाइव प्रसारण देखा और सुना गया। शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। विधायक सरिता भदौरिया ने अपने संबोधन में शिक्षामित्रों को सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए और शिक्षक समाज के भविष्य निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। “स्कूल चलो अभियान” में शिक्षामित्रों के योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने शिक्षा के साथ संस्कार देने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि शिक्षामित्र योजना वर्ष 1999 में शुरू हुई थी। पहले 3,500 मानदेय को 2017 में 10,000 किया गया और अब 1 अप्रैल 2026 से इसे बढ़ाकर 18,000 प्रति माह कर दिया गया है। साथ ही शिक्षामित्रों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने का भी निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के 1,286 शिक्षामित्रों के खातों में मानदेय की राशि भेजी जा चुकी है। उन्होंने शिक्षामित्रों से अपील की कि वे बच्चों को सरल तरीके से शिक्षा दें और विशेष रूप से बालिका शिक्षा पर ध्यान देते हुए ड्रॉपआउट रोकने में सहयोग करें। कार्यक्रम के अंत में विधायक द्वारा 5 महिला एवं 5 पुरुष शिक्षामित्रों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए तथा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सचिन यादव, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, डीआईओएस अतुल कुमार सिंह, वित्त एवं लेखाधिकारी अरुण राज खरे, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

ट्रॉमा सेंटर के बाहर नवजात मिलने से मचा हड़कंप

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, पुलिस जांच में जुटी संजीव शर्मा / अनिल यादव इटावा/सैफई। …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *