Breaking News

एशियन गेम्स में भारत की बड़ी उपलब्धि, 2 मिनट में जीते गोल्ड और सिल्वर; कई खेलों में पदक पक्के

नागोया। एशियन गेम्स 2026 में भारत ने शुक्रवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए महज दो मिनट के अंतर में दो मेडल अपने नाम किए। शूटिंग में सुरुचि और कमलजीत की जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। इसके तुरंत बाद 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम इवेंट में भारत ने सिल्वर मेडल हासिल किया।

इस जीत के साथ भारत के एशियन गेम्स में दो गोल्ड मेडल हो गए हैं। इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने देश को पहला स्वर्ण पदक दिलाया था। शूटिंग में भी भारत का प्रदर्शन लगातार मजबूत बना हुआ है और इस खेल में अब तक 10 मेडल भारत की झोली में आ चुके हैं।

10 मीटर एयर पिस्टल में भारत को गोल्ड

सुरुचि और कमलजीत की भारतीय जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। भारतीय जोड़ी ने कुल 484.6 अंक बनाए, जबकि दक्षिण कोरिया की टीम 478.0 अंक के साथ दूसरे और ईरान 415.8 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

भारतीय जोड़ी ने मुकाबले की शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और अंतिम चरण तक इसे बरकरार रखा।

50 मीटर राइफल में सिल्वर मेडल

भारत ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम इवेंट में 1762 अंक हासिल कर सिल्वर मेडल जीता। चीन ने 1766 अंक के साथ गोल्ड और दक्षिण कोरिया ने 1751 अंक के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

क्वालिफिकेशन में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 589, नीरज कुमार ने 588 और रुद्राक्ष पाटिल ने 585 अंक बनाए। ऐश्वर्य और नीरज ने इंडिविजुअल फाइनल के लिए क्वालिफाई किया।

शूटिंग में भारत के 10 मेडल

एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग भारतीय दल के लिए पदक दिलाने वाले प्रमुख खेलों में शामिल है। भारतीय निशानेबाज अब तक 10 मेडल जीत चुके हैं। इनमें एक गोल्ड, पांच सिल्वर और चार ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।

कई खेलों में भारत के पदक पक्के

शूटिंग के अलावा स्क्वॉश, कबड्डी और टेबल टेनिस में भी भारत ने पदक पक्का कर लिया है। जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार की जोड़ी स्क्वॉश मिक्स्ड डबल्स के सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है।

टेबल टेनिस में दीया चिताले और मनुष शाह की जोड़ी ने मिक्स्ड डबल्स सेमीफाइनल में जगह बनाकर भारत का एक और मेडल पक्का किया है।

वहीं भारतीय महिला कबड्डी टीम ने नेपाल को 48-24 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया है। महिला हॉकी टीम भी जापान को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंच गई है।

स्क्वॉश में अनाहत और अभय भी सेमीफाइनल में

महिला सिंगल्स में अनाहत सिंह ने तान्वी खन्ना को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। पुरुष सिंगल्स में अभय सिंह ने जापान के रयूनोसुके त्सुकुए को 3-0 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया।

बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स और अन्य खेलों में भी भारतीय खिलाड़ियों के मुकाबले जारी हैं।

एशियन गेम्स की मेडल टैली में भारत के खाते में अब 2 गोल्ड समेत 19 मेडल हैं।

About NW-Editor

Check Also

एशियन गेम्स में भारत की शानदार शुरुआत, खाते में पहुंचे 6 मेडल; शूटिंग में 5 पदक, हिमांशु-रुद्रांक्ष ने जीता सिल्वर-ब्रॉन्ज

नागोया। एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत ने अब तक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *