Breaking News

ITO के पास भीषण सड़क हादसा, दो विधायकों समेत छह घायल; डिवाइडर पार कर इनोवा से टकराई स्विफ्ट

नई दिल्ली। दिल्ली के ITO ट्रैफिक सिग्नल के पास रविवार रात एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही इनोवा SUV से भिड़ गई। हादसे में कुल छह लोग घायल हुए हैं। घायलों में दिल्ली के किराड़ी से AAP विधायक अनिल झा और कर्नाटक के बेलगावी दक्षिण से भाजपा विधायक अभय पाटिल भी शामिल हैं।

हादसा पुराने पुलिस हेडक्वार्टर के सामने PWD कार्यालय के पास रात करीब 9:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद सड़क पर वाहनों के पार्ट्स बिखर गए और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में पहुंची स्विफ्ट

दिल्ली पुलिस के अनुसार, स्विफ्ट कार लक्ष्मी नगर की ओर से ITO की तरफ जा रही थी। कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और रेलिंग पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई। इसी दौरान सामने से आ रही इनोवा SUV से उसकी टक्कर हो गई। स्विफ्ट में 32 वर्षीय आशुतोष पांडे, उनकी पत्नी और दो नाबालिग बच्चे सवार थे।

दूसरी ओर इनोवा में AAP विधायक अनिल झा, भाजपा विधायक अभय पाटिल समेत अन्य लोग मौजूद थे। हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, सभी को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत स्थिर है।

दोनों वाहनों को भारी नुकसान

टक्कर में स्विफ्ट का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, इनोवा SUV के फ्रंट हिस्से को भी काफी नुकसान पहुंचा। सूचना मिलने पर आईपी एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। यातायात व्यवस्था सामान्य कराने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम ने भी क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने में मदद की।

स्विफ्ट चालक ने बताया अलग घटनाक्रम

स्विफ्ट चालक आशुतोष पांडे ने बताया कि वह ITO की रेड लाइट से दाईं ओर मुड़ रहे थे और उनकी कार की रफ्तार करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटा थी। उनके मुताबिक, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक गाड़ी ने सड़क का एंगल काटते हुए उनकी कार को टक्कर मारी। एयरबैग खुलने से उन्हें ज्यादा चोट नहीं लगी।

हालांकि, पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

AAP विधायक अनिल झा और भाजपा विधायक अभय पाटिल घायल

अनिल झा दिल्ली की किराड़ी विधानसभा सीट से AAP विधायक हैं। उन्होंने 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को हराकर जीत दर्ज की थी। वहीं, अभय पाटिल कर्नाटक की बेलगावी दक्षिण विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं और लगातार चौथी बार विधानसभा के लिए चुने गए हैं।

 

About NW-Editor

Check Also

वंदे मातरम पर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, 1937 के फैसले को लेकर छिड़ा सियासी विवाद

नई दिल्ली। वंदे मातरम के गायन को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *