कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित पांच मंजिला इमारत में मंगलवार देर रात करीब 1:45 बजे भीषण आग लग गई। इमारत में कई होटल संचालित हो रहे थे। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक चार साल का बच्चा भी शामिल है। छह लोग घायल हुए हैं। मृतकों में भारतीय और बांग्लादेशी नागरिकों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
आग लगने के समय होटल में ज्यादातर लोग सो रहे थे। कुछ ही देर में कमरों और गलियारों में घना धुआं भर गया। दम घुटने के कारण कई लोगों की जान चली गई। सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां, पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान के दौरान करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
दमकलकर्मियों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में घने धुएं के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और इमारत में कूलिंग का काम जारी है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद ही होगी। अधिकारियों के मुताबिक, इमारत में अग्नि सुरक्षा और निर्माण नियमों के पालन को लेकर भी कई सवाल सामने आए हैं। यहां संचालित हो रहे होटलों में नियमों की अनदेखी की आशंका की भी जांच की जा रही है।
इमारत का मालिक फरार, पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस के अनुसार, इमारत का मालिक फिलहाल फरार है। न्यू मार्केट थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जांच में आग की वास्तविक वजह के साथ-साथ सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की भी पड़ताल की जा रही है।
News Wani
