फतेहपुर। न्यूज़ वाणी। दीपावली का त्योहार हर किसी के जीवन में खुशियां लेकर आए, इसी उद्देश्य से डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन की ओर से जरूरतमंदों की सहायता के लिए विशेष सेवा अभियान चलाया गया। इस दौरान दिव्यांगजनों, बुजुर्गों और निराश्रित महिलाओं सहित 16 जरूरतमंद लोगों को खाद्य सामग्री और दीपावली के उपहार वितरित कर उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया गया।
अभियान के तहत सोमवार सुबह आठ बजे इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन एवं उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने पहले से चिह्नित जरूरतमंद परिवारों और असहाय लोगों को दीपावली की खुशियों में शामिल करते हुए उपहार प्रदान किए।
इस सेवा अभियान में मिठनपुर के छह, जयराम का पुरवा के पांच और मसवानी क्षेत्र के पांच जरूरतमंदों को सहायता दी गई। कुल 16 लाभार्थियों को लाई, गट्टा, पट्टी, मिठाई और मोमबत्तियों सहित खाद्य सामग्री एवं आवश्यक वस्तुएं वितरित की गईं।
दीपावली के अवसर पर उपहार और खाद्य सामग्री पाकर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को त्योहार की खुशियों में सहभागी बनाने के साथ समाज में सहयोग, सेवा और मानवीय संवेदनाओं का संदेश दिया गया।
डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने इस अभियान के जरिए यह संदेश दिया कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों के जीवन में भी खुशियां पहुंचाई जाएं।
इस अवसर पर दिलीप कुमार, प्रदीप कुमार और प्रमुख सहयोगी एवं आजीवन सदस्य अभिनव श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने सेवा कार्य में अपना सहयोग दिया।
News Wani
