Breaking News

फतेहपुर में 49 जिलों के खिलाड़ियों ने दिखाया खेल कौशल, हॉकी-हैंडबॉल प्रतियोगिता का समापन

फतेहपुर। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, वीआईपी रोड में आयोजित 37वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का हॉकी एवं हैंडबॉल प्रतियोगिताओं के साथ भव्य समापन हुआ। पूर्वी उत्तर प्रदेश के 49 जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में क्षेत्रीय संगठन मंत्री, पूर्वी उत्तर प्रदेश हेमचंद्र मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन प्रभुदत्त दीक्षित ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्या भारती कानपुर प्रांत के संगठन मंत्री रजनीश पाठक और क्षेत्रीय खेलकूद प्रमुख जगदीश सिंह मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के दौरान हॉकी और हैंडबॉल के रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी और दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

प्रतियोगिताओं का संचालन 15 सदस्यीय निर्णायक मंडल ने निर्धारित नियमों के अनुसार निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कराया। समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

मुख्य अतिथि हेमचंद्र ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन और लगातार बेहतर करने का संकल्प है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल के क्षेत्र में निरंतर मेहनत कर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी एवं कप्तान सुयश अवस्थी, प्रांत शारीरिक प्रमुख राकेश बधवार, आरएसएस के विभाग प्रचारक शिव शंकर, विद्यालय प्रबंधक राकेश श्रीवास्तव तथा प्रधानाचार्य विक्रम बहादुर सिंह परिहार सहित विद्यालय परिवार और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

कृषि फीडर बना परेशानी का सबब, रात में अंधेरे में रहने को मजबूर घरेलू उपभोक्ता

फतेहपुर। मोहम्मदपुर गौंती के मजरे नयापुरवा गांव के लोग तथा इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप प्रेमनगर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *